ग्रामीण नालों की टैपिंग और शोधन की तैयारी तेज, नगर निगम अफसरों की गैरहाजिरी पर अपर नगर आयुक्त को नोटिस
Kanpur । गंगा में प्रदूषण कम करने के लिए ग्रामीण क्षेत्रों के नालों की टैपिंग और शोधन की तैयारी तेज कर दी गई है। ड्रोन सर्वे में चिह्नित नालों के शोधन के लिए जिले में तीन स्थानों पर वेटलैंड विकसित किए जाएंगे। जल निगम शहरी एवं ग्रामीण के सहयोग से इसका विस्तृत प्रस्ताव तैयार किया जा रहा है। बजट स्वीकृति के लिए प्रस्ताव राज्य स्वच्छ गंगा मिशन और राष्ट्रीय स्वच्छ गंगा मिशन को भेजा जाएगा।

सरसैया घाट स्थित नवीन सभागार में गुरुवार को जिलाधिकारी एवं जिला गंगा समिति के अध्यक्ष जितेंद्र प्रताप सिंह की अध्यक्षता में समिति की मासिक समीक्षा बैठक हुई। इसमें ड्रोन सर्वे के आधार पर चिह्नित ग्रामीण नालों की टैपिंग और शोधन की स्थिति की समीक्षा की गई। जिला पंचायत राज अधिकारी ने बताया कि वेटलैंड के लिए तीन स्थानों का चयन किया जा रहा है।
जिलाधिकारी ने जिला गंगा योजना के प्रारूप की भी समीक्षा की। उन्होंने सभी कार्यदायी विभागों को एक सप्ताह के भीतर अपने कार्यों की निर्धारित टाइमलाइन सत्यापित करने और जरूरी डेटा पूरा करने के निर्देश दिए। इसके बाद योजना का अंतिम ड्राफ्ट अनुमोदन एवं क्रियान्वयन के लिए राष्ट्रीय स्वच्छ गंगा मिशन को भेजा जाएगा। उन्होंने विभागों को आपसी समन्वय से समयसीमा में काम पूरा कराने के निर्देश दिए।
बैठक में नगर निगम के सक्षम अधिकारियों के अनुपस्थित रहने पर जिलाधिकारी ने नाराजगी जताई। उन्होंने अपर नगर आयुक्त को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। अटल घाट पर गंगा आरती और अन्य व्यवस्थाओं से जुड़े लंबित कार्य भी जल्द पूरा कराने को कहा।


