दोनों पैरों में लगी गोली, पुलिस पर फायरिंग कर भागने का किया था प्रयास
Kanpur । साढ़ थाना पुलिस ने सोमवार को दरगाही नहर पुल के पास मुठभेड़ के दौरान वांछित अभियुक्त आशीष उर्फ काशी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में उसके दोनों पैरों में एक-एक गोली लगी। घायल आरोपी को पुलिस अभिरक्षा में सीएचसी भीतरगांव भेजा गया।
पुलिस के अनुसार, साढ़ थाना टीम दरगाही नहर पुल के पास संदिग्ध वाहनों और व्यक्तियों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान बाइक सवार एक संदिग्ध युवक आता दिखाई दिया। पुलिस ने उसे रुकने का इशारा किया तो वह बाइक मोड़कर तेजी से भागने लगा। तेज रफ्तार में बाइक अनियंत्रित होकर सड़क पर फिसल गई।
पुलिस का दावा है कि खुद को घिरता देख आरोपी ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। पुलिसकर्मियों ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की, जिसमें आरोपी के दोनों पैरों में गोली लगी। इसके बाद पुलिस ने उसे पकड़ लिया।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान आशीष उर्फ काशी पुत्र ओमप्रकाश, निवासी ग्राम दलेलपुर, थाना बिधनू, कानपुर नगर के रूप में हुई है। पुलिस के मुताबिक, आरोपी साढ़ थाने में दर्ज एक मामले में वांछित था और उसकी तलाश की जा रही थी। पुलिस ने उसके कब्जे से बाइक और घटना में प्रयुक्त तमंचा व कारतूस बरामद करने का भी दावा किया है। मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।


