Kanpur। केसीए की केडीएमए क्रिकेट लीग में गुरुवार को पहले मैच में खेरापति क्लब ने एसएस क्रिकेट क्लब
को सात विकेट से पराजित किया। दूसरे मैच में सदर्न क्लब ने केएन टाइटंस को तीन विकेट से मात दी। तीसरे मैच में सी स्पोर्टिंग यूनियन ने वाईएमसीसी को रोमांचक मैच में चार विकेट से हराया।
कल्याणपुर स्थित गीता देवी क्रिकेट मैदान पर खेले गए पहले मैच में एसएस क्रिकेट क्लब ने 40 ओवर में आठ विकेट पर 260 रन बनाए। टीम से दिव्यांश सिंह ने 80, अरुण ने 68, आशुतोष ने 32 रन बनाए, तो गेंदबाजी में शैलेंद्र पाल ने तीन, विराट सिंह ने एक विकेट लिया। लक्ष्य
का पीछा करते हुए खेरापति ने 37 ओवर में तीन विकेट पर 263 रन बनाकर मैच जीता।
जीत में विराट सिंह ने शानदार 146 रन की शतकीय पारी और आदित्य ने नाबाद 52 रन की अर्द्धशतकीय पारी खेली, तो गेंदबाजी में अमन ने दो को आउट किया। प्लेयर ऑफ द मैच विराट सिंह को चुना गया। पनकी स्थित रामलखन भट्ट मैदान पर खेले गए दूसरे मैच में केएन टाइटंस ने 38.2 ओवर में 188 रन बनाए। टीम से सतीश यादव ने 75 रन व अविनाश ने 36 रन बनाए, तो गेंदबाजी में आदर्श श्रीवास्तव ने तीन, कृष्णा बाली ने दो, आदित्य दीक्षित, अदिति अग्रवाल और आदर्श
त्रिपाठी ने एक-एक विकेट झटका।
लक्ष्य का पीछा करते हुए सदर्न क्लब ने 39 ओवर में सात विकेट पर 189 रन बनाकर मैच अपने नाम किया। जीत में कृष्णा बाली ने 51 व शुभदीप ने 50
रन की अर्द्धशतकीय पारी व कृष शर्मा ने 31 रन बनाए, तो गेंदबाजी में नवल कुमार, विष्णु और सतीश यादव ने दो-दो विकेट चटकाए। प्लेयर ऑफ द मैच कृष्णा बाली को चुना गया।
किदवईनगर स्थित कानपुर साउथ मैदान पर खेले गए दूसरे मैच में वाईएमसीसी ने 40 ओवर में
चार विकेट पर 242 रन बनाए। टीम से तुषार पाल ने शानदार 117 रन की शतकीय पारी खेली व राहुल पाल ने 76 रन की अर्द्धशतकीय पारी खेली, तो गेंदबाजी में हर्षित गौतम ने दो, शिवम शुक्ला और अश्मित वर्मा ने एक-एक विकेट अपने नाम किया।
जवाब में सी स्पोटिंग यूनियन की टीम ने 40 ओवर में छह विकेट पर 245 रन बनाकर मैच जीता। जीत में पारस शर्मा ने 68 रन व हर्षित गौतम ने 65 रन की अर्द्धशतकीय पारी खेली और सत्यम सिंह ने 42 रन
बनाए, तो गेंदबाजी में वीर ने चार विकेट अपने नाम किए। प्लेयर ऑफ द मैच हर्षित गौतम
को चुना गया।


