विहिप-बजरंग दल ने डीएम व पुलिस कमिश्नर को सौंपा ज्ञापन, मंदिरों और डांडिया आयोजनों में सुरक्षा के कड़े इंतजाम की मांग
Kanpur । नवरात्रि पर्व के दौरान देवी मंदिरों, धार्मिक मेलों और डांडिया-गरबा आयोजनों में सुरक्षा, व्यवस्था और धार्मिक मर्यादा बनाए रखने की मांग को लेकर विश्व हिंदू परिषद और बजरंग दल के प्रतिनिधिमंडल ने मंगलवार को जिलाधिकारी और पुलिस कमिश्नर को ज्ञापन सौंपा। विहिप के प्रांत मंत्री एडवोकेट राजू पोरवाल ने कहा कि नवरात्रि आदिशक्ति मां दुर्गा की आराधना का पावन पर्व है। ऐसे में धार्मिक आयोजनों की शुचिता, परंपरा और सुरक्षा से किसी तरह का समझौता नहीं होना चाहिए।

उन्होंने कहा कि माता तपेश्वरी मंदिर, आशा देवी मंदिर, मां बारादेवी मंदिर समेत प्रमुख देवी मंदिरों में बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचेंगे। इसके अलावा शहर में विभिन्न स्थानों पर डांडिया और गरबा कार्यक्रम भी आयोजित होंगे। प्रशासन इन आयोजनों में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम सुनिश्चित करे।
बजरंग दल के प्रांत सह-संयोजक अमरनाथ ने बताया कि ज्ञापन में मंदिरों और मेला परिसरों के आसपास अतिक्रमण व अनधिकृत दुकानों पर प्रभावी रोक लगाने, दुकानों के लिए निर्धारित नियमों का पालन कराने तथा डांडिया-गरबा आयोजकों से सुरक्षा मानकों का लिखित अनुपालन कराने की मांग की गई है।
प्रमुख मंदिरों व आयोजन स्थलों पर सीसीटीवी निगरानी, नियमित पुलिस गश्त और औचक निरीक्षण के साथ महिला पुलिसकर्मियों की पर्याप्त तैनाती की भी मांग रखी गई।प्रतिनिधिमंडल में राजीव महाना, डॉ. उमेश पालीवाल, राजू पोरवाल, नरेश माहेश्वरी, अमरनाथ, नरेश तोमर समेत बजरंग दल के जिला संयोजक और कार्यकर्ता मौजूद रहे।


