Kanpur । चकेरी पुलिस और सर्विलांस टीम ने गरीब और मजदूर वर्ग के लोगों के दस्तावेजों का दुरुपयोग कर फर्जी फर्में संचालित करने वाले शातिर फैज को गिरफ्तार किया है। आरोपी लोन, बीमा और सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाने का झांसा देकर लोगों से आधार कार्ड, पैन कार्ड और अन्य पहचान संबंधी दस्तावेज हासिल कर लेता था। इसके बाद उन्हीं दस्तावेजों के आधार पर उनके नाम से फर्जी फर्में और बैंक खाते खोलकर संदिग्ध वित्तीय गतिविधियों को अंजाम देता था।
पुलिस जांच में कई फर्जी फर्मों का खुलासा हुआ है। आशंका है कि इन फर्मों के माध्यम से बड़े पैमाने पर संदिग्ध लेनदेन किए जा रहे थे। मामले की जांच आगे बढ़ने पर और भी खुलासे होने की संभावना जताई जा रही है। पुलिस अब आरोपी के नेटवर्क और उससे जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की भी पड़ताल कर रही है।
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक फैज के खिलाफ पहले से धोखाधड़ी, कूटरचना, रंगदारी समेत कई गंभीर धाराओं में मुकदमे दर्ज हैं।
गिरफ्तारी के बाद उससे पूछताछ जारी है। अधिकारियों का कहना है कि जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर गिरोह से जुड़े अन्य आरोपियों पर भी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस लोगों से अपील कर रही है कि किसी भी अनजान व्यक्ति को अपने आधार, पैन या अन्य दस्तावेज बिना सत्यापन के न सौंपें।


