पहले मुकाबले में बिहार को एक पारी व 267 रनों से रौंदा
Kanpur । नए कप्तान आर्यन जुयाल और कोच ज्ञानेंद्र पाण्डेय के माग्रदर्शन में उत्तर प्रदेश में रणजी ट्रॉफी में धमाकेदार आगाज किया है। बिहार के साथ खेले गये पहले मुकाबले में उप्र ने पहली पारी में 540 रन बनाने के बाद तीसरे दिन मेजबान टीम की पहली पारी 141 और फॉलोऑन देने के बाद दूसरी पारी 132 रनों पर समेटकर मैच एक पारी व 267 रनों से रौंदकर सात अंक अपने खाते में जुटा लिए हैं। इस मैच में 150 रनों की शानदार शतकीय पारी खेलने वाले माधव कौशिक को मैन ऑफ द मैच चुना गया। उप्र को अब अगला मैच 18 अक्टूबर से गोवा के खिलाफ अपने होम ग्राउंड ग्रीन पार्क में खेलना है।
बिहार के राजगिरी स्टेडियम में खेले गये मुकाबले में टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करते हुए उप्र ने माधव कौशिक के 150, रिंकू सिंह के 112, आराध्य यादव के 84 और जीशान अंसारी के 58 रनों की शानदार पारियों के दम पर 153.1 ओवर में 540 रनों का विशाल स्कोर खड़ा किया। विशाल स्कोर के जवाब में बिहार ने दूसरे दिन का खेल खत्म होने तक दो विकेट पर 44 रन बनाए थे।
मंगलवार को तीसरे दिन बिहार की टीम उप्र के गेंदबाजों के सामने पूरी तरह नतमस्तक दिखी और पूरी टीम 52.1 ओवर में 141 रनों पर ढेर हो गयी। बिहार की तरफ से सर्वाधिक 25 रन ओपनर मंगल ने बनाए। वहीं उप्र की तरफ से कार्तिक यादव और करन शर्मा ने 4-4 विकेट झटके। पहली पारी में 399 रनों से पिछड़ी बिहार की टीम को उप्र ने फॉलोऑन देने का फैसला किया।
जवाब में बिहार के बल्लेबाज दूसरी पारी में एक बार फिर उप्र के गेंदबाजों के सामने ताश के पत्तों की तरह ढह गये और पूरी टीम 36.4 ओवर में 132 रनों पर पवेलियन लौट गयी। दूसरी पारी में भी बिहार की तरफ से मंगल ने सर्वाधिक 27 रन बनाए। उप्र की तरफ से जीशान अंसारी ने चार, करन शर्मा ने तीन, कार्तिक यादव ने दो तथा एक विकेट अभिनंदन सिंह ने लिया।


