जाजमऊ से गिरफ्तारी, मोबाइल में बच्चों के यौन शोषण से जुड़ी आपत्तिजनक सामग्री मिलने का दावा; नेटवर्क की जांच तेज
Kanpur । बच्चों के यौन शोषण से जुड़ी आपत्तिजनक सामग्री का ऑनलाइन कारोबार करने वाले एक आरोपी को साइबर क्राइम थाना पुलिस ने ऑपरेशन साइवज्र के तहत गिरफ्तार किया है। जाजमऊ निवासी मोहम्मद नोमान पर आरोप है कि वह टेलीग्राम के माध्यम से इस अवैध कारोबार को संचालित कर रहा था और आपत्तिजनक सामग्री बेचकर अवैध कमाई करता था।
साइबर पुलिस को मिली सूचना के बाद तकनीकी जांच शुरू की गई।
जांच में मिले साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार किया। कार्रवाई के दौरान उसके मोबाइल फोन से बच्चों के यौन शोषण से संबंधित बड़ी मात्रा में आपत्तिजनक डिजिटल सामग्री मिलने का दावा किया गया है। पुलिस ने इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों को फोरेंसिक जांच के लिए भेज दिया है, ताकि पूरे नेटवर्क और उससे जुड़े अन्य लोगों का पता लगाया जा सके।
साइबर क्राइम थाना पुलिस ने आरोपी के खिलाफ सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम की संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है। अधिकारियों का कहना है कि बच्चों के यौन शोषण से जुड़ी सामग्री का निर्माण, संग्रह, साझा करना या बिक्री कानूनन गंभीर अपराध है। ऐसे मामलों पर कड़ी निगरानी रखी जा रही है और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
पुलिस का कहना है कि ऑपरेशन साइवज्र के तहत ऑनलाइन बाल यौन शोषण से जुड़े अपराधियों के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार चलाया जाएगा, ताकि इंटरनेट को बच्चों के लिए अधिक सुरक्षित बनाया जा सके।


