डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक ने इकाना में घंटा बजाकर लखनऊ फाल्कन्स-गोरखपुर लायंस मैच का किया शुभारंभ
Kanpur । यूपी टी-20 लीग के चौथे सीजन के दूसरे दिन शनिवार को इकाना स्टेडियम में लखनऊ फाल्कन्स और गोरखपुर लायंस के बीच मुकाबले का शुभारंभ उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने पारंपरिक घंटा बजाकर किया। इस दौरान यूपी टी-20 लीग गवर्निंग काउंसिल के चेयरमैन डॉ. संजय कपूर ने उनका स्वागत किया और स्मृति चिह्न भेंट कर सम्मानित किया।

डिप्टी सीएम ने खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाते हुए कहा कि यूपी टी-20 लीग प्रदेश के युवा क्रिकेटरों को अपनी प्रतिभा दिखाने का शानदार मंच दे रही है। प्रदेश सरकार और खेल संस्थाएं मिलकर क्रिकेट समेत अन्य खेलों को लगातार बढ़ावा दे रही हैं। लीग में युवाओं को अनुभवी और अंतरराष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ियों के साथ खेलने और उनसे सीखने का महत्वपूर्ण अवसर मिल रहा है। उन्होंने कहा कि उन्हें पूरा विश्वास है कि आने वाले समय में यूपी टी-20 लीग से कई नई प्रतिभाएं निकलेंगी, जो राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर उत्तर प्रदेश का नाम रोशन करेंगी।

डॉ. संजय कपूर ने कहा कि उप मुख्यमंत्री की मौजूदगी खिलाड़ियों और आयोजकों के लिए उत्साहवर्धन की बात है। उन्होंने कहा कि यूपी टी-20 लीग सिर्फ एक क्रिकेट प्रतियोगिता नहीं, बल्कि प्रदेश की छिपी हुई प्रतिभाओं को मुख्यधारा में लाने का प्रयास है। लीग के माध्यम से लखनऊ ही नहीं, बल्कि प्रदेश के छोटे शहरों और ग्रामीण कस्बों के होनहार खिलाड़ियों को भी अपनी क्षमता दिखाने का अवसर मिल रहा है।

उन्होंने कहा कि खिलाड़ियों को बेहतर सुविधाएं और मजबूत मंच उपलब्ध कराने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। अनुभवी खिलाड़ियों के साथ खेलने से युवा क्रिकेटरों को खेल की बारीकियां सीखने और बड़े मुकाबलों का अनुभव हासिल करने का मौका मिल रहा है। उन्होंने उम्मीद जताई कि यूपी टी-20 लीग आने वाले वर्षों में प्रदेश के क्रिकेट को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाएगी। डिप्टी सीएम का प्रोत्साहन खिलाड़ियों में नई ऊर्जा भरने वाला है।


