शुक्रवार रात से ऑनलाइन, सोमवार से काउंटर पर मिलेंगे यूपी टी-20 के टिकट,दर्शकों को मिलेंगे 100 लकी ड्रॉ पुरस्कार
Kanpur। यूपी टी-20 लीग के दूसरे चरण की शुरुआत ग्रीन पार्क स्टेडियम में 28 अगस्त को काशी रुद्राश बनाम नोएडा सुपर किंग्स के मैच से हो रही है। शहर की मेजबानी में होने वाले 12 मैचों का रोमांच क्रिकेट प्रेमी 49 से 349 रुपये में देख सकेंगे। महिलाओं के लिए आरक्षित बी गर्ल्स गैलरी की टिकट 49 रुपये में काउंटर से मिलेगी।
टिकट बिक्री की आनलाइन शुरुआत शुक्रवार रात से शुरू हो जाएगी और सोमवार को ग्रीन पार्क स्टेडियम समेत शहर के छह स्थलों में मेगा काउंटर से टिकट क्रिकेट प्रेमी खरीद सकेंगे।
शुक्रवार को ग्रीन पार्क स्टेडियम में यूपी टी-20 लीग के गवर्निंग काउंसिल के चेयरमैन डा. संजय कपूर, यूपीसीए के सचिव प्रेम मनोहर गुप्ता और वैन्यू डायरेक्टर संजय तिवारी व तालिब ने टिकट का प्रारूप जारी किया। चेयरमैन डा. संजय कपूर ने कहा कि बी गर्ल्स गैलरी की टिकट 49 रुपये में मिलेगी।
बी जनरल, सी स्टाल और ई पब्लिक की टीम 99 रुपये, बी बालकनी की टिकट 149, ए पवेलियन व पवेलियन ग्राउंड की टिकट 200 तथा डी चेयर गैलरी की टिकट 249 रुपये में मिलेगी। वहीं, न्यू प्लेयर पवेलियन, ए बालकनी, पवेलियन बालकनी तथा वीआइपी पवेलियन की टिकट 349 रुपये में मिलेगी।
—–
दर्शकों के लिए रोमांच के साथ पुरस्कार
यूपी टी-20 लीग के मैच में दर्शकों के लिए मैच के रोमांच के साथ पुरस्कार की बरसात की जाएगी। हर दिन होने वाले माचो में 100 लकी ड्रा पुरस्कार दिए जाएंगे। फाइनल लकी ड्रा और फन आफ द मैच को भी पुरस्कृत किया जाएगा। हर मैच में स्टेडियम की गैलरी में कैच लेने वाले खिलाड़ी को कैच आफ द मैच के रूप में 5100 रुपये का पुरस्कार दिया जाएगा। इसके साथ ही खिलाड़ियों के हस्ताक्षर की बाल और बैट भी दिए जाएंगे।


