Kanpur । यूपी टी-20 लीग के चौथे सीजन के लिए कानपुर सुपर स्टार के ट्रायल 11 और 12 जुलाई को कमला क्लब में होंगे। इसमें कानपुर मंडल के करीब 700 खिलाड़ी हिस्सा लेंगे और टीम में जगह पक्की करने के लिए पसीना बहाएंगे। ट्रायल में शामिल होने वाले खिलाड़ी उप्र क्रिकेट एसोसिएशन (यूपीसीए) से पंजीकृत होंगे। जिनके प्रदर्शन को परखकर फ्रेंचाइजी उन्हें मौका देगी।
14 अगस्त से दो शहरों की मेजबानी में होने वाले यूपी टी-20 लीग का मिनी आक्शन 24 जुलाई को आगरा के ताज होटल में होगा। मिनी आक्शन से पहले कानपुर सुपर स्टार, गोरखपुर लायंस, काशी रुद्राश, लखनऊ
फाल्कंस, नोएडा सुपर किंग्स और मेरठ मैवेरिक्स की फ्रेंचाइजी ने मजबूत बेंच स्ट्रेंथ की खोज ट्रायल से शुरू कर दी है। हर फ्रेंचाइजी चौथे सीजन में छह से 12 खिलाड़ियों को रिटेन कर सकती है।
इसमें गोरखपुर, काशी और मेरठ की ओर से अपने स्टार खिलाड़ियों को रिटेन करने की सूची जारी भी की जा चुकी है। अब नोएडा, लखनऊ और कानपुर सुपर स्टार की सूची का जारी होना बाकी है। स्थानीय स्तर पर ट्रायल और मिनी आक्शन के बाद हर फ्रेंचाइजी 25 खिलाड़ियों का फाइनल स्लाट जारी करेगी।


