Kanpur। उत्तर प्रदेश क्रिकेट एसोसिशएन की बहुचर्चित यूपी टी-20 लीग का चौथा संस्करण इस वर्ष कानपुर के अंतरराष्ट्रीय ग्रीन पार्क स्टेडियम में आयोजित किया जायेगा। जिसका आयोजन अगस्त माह में होगा। मंगलवार को लखनऊ में हुई यूपी टी-20 काउंसिल की बैठक में यह तय किया गया है। हालांकि इसकी औपचारिक घोषणा बुधवार को ग्रीन पार्क में बतौर प्रेस वार्ता में किये जाने की उम्मीद है।
यूपीसीए के एक अधिकारी ने बताया कि यूपी लीग का पहला सीजन कानपुर में खेला गया था इसके बाद दूसरा व तीसरा सीजन लखनऊ में हुआ। इस बार चौथे संस्करण को ग्रीन पार्क स्टेडियम में पुनः कराने कराने पर सहमति बनी है। हालांकि दो शहरों में भी लीग को आयोजित करने की संभावनाएं तलाशी जा रही थी लेकिन वह फिलहाल संभव नहीं हो पायी।
साथ ही लीग में पहले की तरह इस बार भी पुरानी छह टीमें ही खिताब के लिए भिड़ेंगी। जिसमें कानपुर सुपरस्टार, लखनऊ फॉल्कंस, मेरठ मेवरिक्स, काशी रुद्रास, गोरखपुर लॉयंस और नोएडा किंग्स शामिल हैं। प्रत्येक फ्रेंचाइजी छह से 12 खिलाड़ी रिटेन कर सकती है। खिलाड़ियों की नीलामी से पहले सभी फ्रेंचाइजी यूपीसीए के नियमानुसार अपने-अपने ट्रायल करायेंगी। गौरतलब है कि यूपी लीग की शुरुआत वर्ष 2023 में यूपीसीए ने ग्रीनपार्क स्टेडियम से की थी।
जिसमें काशी रुद्रास ने खिताब जीता था। लखनऊ में हुए दूसरे सीजन में मेरठ मेवरिक्स और तीसरे में काशी रुद्रास चैम्पियन बने। इस बार लीग पुनः ग्रीन पार्क में होने जा रही है। जिसमें सभी टीमों के बीच 34 मैच खेले जायेंगे। इस बार लीग शुरु होने से पहले ट्रॉफी टूर भी आयोजित किया जायेगा जो प्रत्येक फ्रेंचाइजी के शहर में चलेगा। इसके अलावा टूर्नामेंट में कई सेलीब्रिटी भी आकर लीग को चार चांद लगाने का काम करेंगे।


