Kanpur । राष्ट्रीय स्पेशल गोटिया फुटबाल कप में उप्र की स्पेशल टीम ने रजत पदक जीता है। ग्वालियर में खेले गए फाइनल मुकाबले में उप्र की स्पेशल ओलिंपिक फुटबाल टीम को फाइनल में कश्मीर से 2-1 से की हार का सामना करना पड़ा।

प्रतियोगिता में सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने वाले शहर के खिलाड़ी कृष्णा छत्तीसगढ़ के खिलाफ अकेले सात, गुजरात के खिलाफ पांच और रोमांचक फाइनल में कश्मीर के खिलाफ एक गोल कर सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी बने।
ग्वालियर के अटल बिहारी वाजपेयी दिव्यांग स्टेडियम में गोटिया कप राष्ट्रीय स्पेशल फुटबाल के मुकाबले छह से 10 अप्रैल तक खेले गए। इसमें उप्र की टीम से खेल रहे कानपुर के कृष्णा, एकाग्र शुक्ला, इटावा के हरिकेश यादव, आगरा के गौरव और शशांक ने दमदार खेल का प्रदर्शन किया। उप्र स्पेशल फुटबाल टीम के कोच सत्येंद्र सिंह यादव ने बताया कि उप्र की टीम ने पहले मुकाबले में छत्तीसगढ़ को 9-2 से हराया। इसके बाद गुजरात को एकतरफा मुकाबले में 6-0 से पटखनी देकर फाइनल में प्रवेश किया।
फाइनल मुकाबले में उप्र की टीम 2-1 से खिताब जीतने से चूक गई। लेकिन उप्र के स्पेशल खिलाड़ियों की प्रतिभा ने हर किसी का दिल जीत दिला। कृष्णा ने धमाकेदार प्रदर्शन किया। उनका साथ इटावा के हरिकेश ने छत्तीसगढ़ के खिलाफ दो गोल कर बखूबी दिया। कृष्णा और एकाग्र शुक्ला कैंट स्थित प्रेरणा स्पेशल स्कूल के खिलाड़ी हैं। उप्र टीम के सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन पर स्कूल के प्रधानाचार्य शिखा अग्रवाल ने खुशी जाहिर की।


