शुक्लागंज स्थित सप्रू मैदान में केसीए मैच के दौरान हुआ हादसा
परिजनों का पोस्टमार्टम कराने से इंकार, आज होगा अंतिम संस्कार
केसीए चेयरमैन ने जताया शोक, परिजनों को हर संभव मदद का आश्वासन
Kanpur । कानपुर क्रिकेट एसोसिएशन (केसीए) पैनल के वरिष्ठ अंपायर मानिक गुप्ता की बुधवार को मैच के दौरान मधुमक्खियों के झुंड के हमले से घायल होने के बाद मौत हो गई। 65 वर्षीय मानिक गुप्ता शुक्लागंज स्थित सप्रू मैदान में केडीएमए लीग के मुकाबले में अंपायरिंग कर रहे थे। उसी समय मैदान में मधुमक्खियों के झुंड ने अचानक हमला कर मैदान में मौजूद खिलाड़ियों और अंपायरों को डंक मारे। इसकी चपेट में आए आकर कई खिलाड़ी, अंपायर बुरी तरह घायल हो गए। इस दौरान जब देखा गया तो मानिक के चेहरे पर सैकड़ों मधुमक्खियों ने एक साथ हमला किया और वह वहीं जमीन पर लेट गए।
मौजूद मैदान कर्मी और पूर्व क्रिकेटर राहुल सप्रू ने खिलाड़ियों और अंपायर को बचाया। गंभीर स्थिति में अंपायर मानिक गुप्ता को शुक्लागंज के दो अस्पताल और एलएलआर तथा कार्डियोलाजी लेकर पहुंचे। जहां पर डाक्टरों ने उन्हें मृत घोषित किया।
फीलखाना निवासी मानिक गुप्ता करीब 30 वर्षों से कानपुर क्रिकेट एसोसिएशन के अंपायरिंग पैनल का हिस्सा हैं। जो बुधवार को वाइएमसीसी और पैरामाउंट के बीच खेले जा रहे मुकाबले में अंपायरिंग कर रहे थे। जब मधुमक्खियों के झुंड ने हमला किया तब मैदान में खिलाड़ियों के साथ अंपायर मानिक गुप्ता और दूसरे अंपायर जगदीश शर्मा सफेद कपड़ों थे।
इसलिए मधुमक्खियों का झुंड उनके इर्द-गिर्द करीब 10 मिनट तक रहा। घटना के बाद पूर्व क्रिकेटर राहुल सप्रू और केसीए के पदाधिकारी शुक्लागंज के दो अस्पताल लेकर पहुंचे। जहां से एलएलआर अस्पताल रेफर कर दिया गया। जहां पर उन्हें पहले एलएलआर और फिर हृदय रोग संस्थान के डाक्टरों ने मृत घोषित किया।
केसीए के चेयरमैन डा. संजय कपूर ने बताया कि यह काफी दु:खद घटना है। केसीए के वरिष्ठ अंपायर खेल के लिए समर्पित थे। केसीए परिवार उनके हर दुख का सहभागी है और पीड़ित परिवार के साथ खड़ा है। स्वर्गीय मानिक गुप्ता के परिवार की हरसंभव मदद की जाएगी। मानिक के घर में उनकी पत्नी और चार बेटियां हैं। जिसमें तीन की शादी हो चुकी है। छोटी बेटी अभी पढ़ायी कर रही है।


