फर्जी दस्तावेजों से बदली पहचान, 1997 से 2006 तक कई बार विदेश यात्रा; बेकनगंज पुलिस ने दबोचा
Kanpur । एक शख्स, दो नाम, दो जन्मतिथियां और दो पासपोर्ट। पहचान बदलकर दस्तावेज तैयार कराने का यह खेल अब पुलिस की जांच के घेरे में है। बेकनगंज पुलिस ने फर्जी और कूटरचित दस्तावेजों के जरिए कथित तौर पर दो पासपोर्ट बनवाने के आरोप में जाजमऊ निवासी हफीजुर रहमान उर्फ अब्दुल हमीद (42) को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार दोनों पासपोर्ट में अलग-अलग नाम और जन्मतिथि दर्ज मिली हैं।
पुलिस के मुताबिक आरोपी के खिलाफ बेकनगंज थाने में पासपोर्ट अधिनियम और धोखाधड़ी से संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया था। मुकदमा दर्ज होने के बाद से ही वह वांछित चल रहा था। बुधवार को मुखबिर से सूचना मिलने पर पुलिस ने मकबरा शहीद के पास घेराबंदी की और आरोपी को दबोच लिया।
विदेश यात्राओं ने बढ़ाई पुलिस की पड़ताल
जांच के दौरान पुलिस को आरोपी के वर्ष 1997 से 2006 के बीच कई बार विदेश यात्रा करने की जानकारी भी मिली है। अब पुलिस इन यात्राओं का पूरा रिकॉर्ड खंगाल रही है। यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि अलग-अलग पहचान वाले पासपोर्ट में से किसका इस्तेमाल विदेश यात्राओं के दौरान किया गया था।
पुलिस के अनुसार आरोपी ने कथित तौर पर फर्जी दस्तावेजों का सहारा लेकर अलग पहचान से पासपोर्ट बनवाए। दोनों पासपोर्ट में नाम और जन्मतिथि अलग मिलने से पुलिस का शक और गहरा हुआ है। अब पासपोर्ट बनवाने में लगाए गए दस्तावेजों की भी जांच की जा रही है।
पुलिस यह भी पता लगा रही है कि आरोपी ने दूसरी पहचान क्यों बनाई और इस प्रक्रिया में किसी अन्य व्यक्ति की भूमिका थी या नहीं। बेकनगंज पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश करने की कार्रवाई शुरू कर दी है।


