Kanpur । चकेरी पुलिस ने वाहन चेकिंग अभियान के दौरान दो युवकों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 1 किलो 100 ग्राम गांजा बरामद किया। पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर उन्हें जेल भेज दिया।डीसीपी पूर्वी अजय प्रकाश मिश्र ने बताया कि क्षेत्र में मादक पदार्थों की तस्करी रोकने के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है।
इसी क्रम में चकेरी थाना पुलिस निहुरा गांव जाने वाली सड़क पर वाहन चेकिंग कर रही थी। चेकिंग के दौरान दो युवक संदिग्ध अवस्था में आते दिखाई दिए। पुलिस ने उन्हें रोककर पूछताछ की, लेकिन दोनों संतोषजनक जवाब नहीं दे सके।
शक होने पर पुलिस ने दोनों की तलाशी ली। तलाशी के दौरान उनके पास से करीब 1 किलो 100 ग्राम अवैध गांजा बरामद हुआ। पूछताछ में आरोपियों ने अपनी पहचान बाबूपुरवा थाना क्षेत्र के बेगमपुरवा निवासी मोहम्मद तौसीफ और शोएब के रूप में बताई।पुलिस दोनों आरोपियों को हिरासत में लेकर थाने ले आई और उनके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धाराओं में रिपोर्ट दर्ज की।
बाद में दोनों को न्यायालय में पेश किया गया,जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।पुलिस अब यह जानकारी जुटाने में लगी है कि आरोपी गांजा कहां से लेकर आए थे और इसे किन इलाकों में सप्लाई किया जाना था। साथ ही इस मामले में जुड़े अन्य लोगों की तलाश भी की जा रही है।


