गोविंदपुरी स्टेशन पर आरपीएफ की कार्रवाई, तस्कर से सोना लेने पहुंचे रिसीवर को भी दबोचा
Kanpur । रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) ने गोविंदपुरी रेलवे स्टेशन पर चेकिंग के दौरान सोना तस्करी का खुलासा करते हुए एक तस्कर और उसके रिसीवर को गिरफ्तार किया है। दोनों के कब्जे से 185 ग्राम स्वर्ण सामग्री बरामद हुई, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 30 लाख रुपये बताई गई है। आरपीएफ ने दोनों आरोपितों को बरामद सोने के साथ आगे की कार्रवाई के लिए डीआरआई/कस्टम विभाग, लखनऊ के सुपुर्द कर दिया।।
आरपीएफ पोस्ट जीएमसी कानपुर और कानपुर सेंट्रल की संयुक्त टीम 18 अगस्त को गोविंदपुरी स्टेशन पर सघन चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान ट्रेन संख्या 12987 के एस-2 कोच की बर्थ संख्या 68 पर बैठे संजय राम निवासी गया, बिहार के पास संदिग्ध स्वर्ण सामग्री मिली। पूछताछ में सामने आया कि सोना किसी रिसीवर को दिया जाना था। इसी बीच मौके पर पहुंचे दीपक निवासी अहिरवां, चकेरी को भी टीम ने पकड़ लिया।
स्थानीय सर्राफ से वजन कराने पर दो प्लास्टिक की थैलियों में क्रमश: 111.2 और 73.8 ग्राम, कुल 185 ग्राम सोना मिला। आरपीएफ ने मामले की सूचना डीआरआई लखनऊ को दी। अधिकारियों के पहुंचने के बाद दोनों आरोपितों को सोने और जामा तलाशी के सामान सहित अग्रिम कानूनी कार्रवाई के लिए सौंप दिया गया।कार्रवाई आरपीएफ जीएमसी प्रभारी निरीक्षक सुशील कुमार वर्मा, कानपुर सेंट्रल प्रभारी निरीक्षक सिद्धनाथ पाटीदार और डिटेक्टिव विंग के जवानों की संयुक्त टीम ने की।


