Kanpur। 39वीं जिला जूडो चैंपियनशिप कल्याणपुर स्थित सीएसजेएम विश्वविद्यालय में आयोजित हुई। इसमें द स्पोर्ट्स हब (टीएसएच) के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 15 स्वर्ण, 11 रजत और 11 कांस्य पदकों समेत कुल 37 पदक जीतकर ओवरऑल चैंपियन बने।
सीएसजेएम विश्वविद्यालय के जूडो सेंटर में आयोजित इस प्रतियोगिता में टीएसएच के खिलाड़ियों ने मिनी वर्ग में वियांश अग्रवाल और युग गुरनानी ने स्वर्ण पदक जीतकर अपनी प्रतिभा का प्रभावशाली प्रदर्शन किया। संस्थान के ईडब्ल्यूएस योजना से जुड़े खिलाड़ियों ने भी सफलता की नई इबारत लिखी, इसमें शौर्य, अंशुमान तिवारी, श्रीवंतिका, आराध्या, श्रद्धा, लक्ष्मी और सृष्टि ने अपने-अपने वर्ग में स्वर्ण पदक जीतकर संस्था का मान बढ़ाया।
खिलाड़ियों के दमदार प्रदर्शन ने टीएसएच को पदक तालिका में शीर्ष स्थान दिलाने में अहम भूमिका निभाई। कोच सूरज बी. थापा के कुशल प्रशिक्षण में खिलाड़ियों ने तकनीकी दक्षता, संयम और आत्मविश्वास का शानदार परिचय दिया। प्रतियोगिता के मुख्य अतिथि व जिला जूडो संघ के सचिव दिलशाद सिद्दीकी ने विजेता खिलाड़ियों को पदक पहनाकर सम्मानित किया।


