ग्वालटोली के नत्थापुरवा क्षेत्र में हादसे से मचा हड़कंप, गर्ग एविएशन ट्रेनिंग सेंटर से उड़ान भरने के 20 मिनट बाद दुर्घटना
Kanpur। गंगा बैराज के पास गुरुवार को ट्रेनिंग के दौरान एक चार सीटर डुअल इंजन एयरक्राफ्ट दुर्घटनाग्रस्त हो गया। हादसे में विमान में सवार इंस्ट्रक्टर सचिन भाटिया और ट्रेनी पायलट अभिषेक पुजारी की मौत हो गई। विमान के जमीन पर गिरते ही इलाके में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीमें मौके पर पहुंचीं और बचाव कार्य शुरू किया। दोनों को मलबे से निकालकर अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया।
पुलिस कमिश्नर रघुवीर लाल के अनुसार, ग्वालटोली थाना क्षेत्र के ग्राम नत्थापुरवा के बाहरी इलाके में स्थित गर्ग एविएशन ट्रेनिंग सेंटर से विमान ने गुरुवार सुबह करीब 11:30 बजे उड़ान भरी थी। विमान में गुजरात निवासी इंस्ट्रक्टर सचिन भाटिया और कर्नाटक निवासी ट्रेनी पायलट अभिषेक पुजारी सवार थे। उड़ान भरने के करीब 20 मिनट बाद 11:50 बजे गंगा बैराज क्षेत्र के पास विमान हादसे का शिकार हो गया।

आसमान से विमान के गिरने की जानकारी मिलते ही आसपास के गांवों में अफरा-तफरी मच गई। बड़ी संख्या में ग्रामीण घटनास्थल पर पहुंच गए। पुलिस ने तत्काल मौके पर पहुंचकर क्षेत्र को सुरक्षित किया और भीड़ को घटनास्थल से दूर किया। विमान के मलबे में दोनों पायलटों के फंसे होने की जानकारी पर पुलिसकर्मियों ने उन्हें बाहर निकाला। गंभीर हालत में दोनों को अस्पताल भेजा गया, लेकिन उनकी जान नहीं बच सकी।
हादसे के बाद विमान बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। दुर्घटना की जानकारी मिलने पर अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और आवश्यक कार्रवाई शुरू कराई। हादसे के कारणों को लेकर फिलहाल स्थिति स्पष्ट नहीं है।
पुलिस कमिश्नर ने बताया कि घटना की सूचना नागरिक उड्डयन महानिदेशालय (डीजीसीए) को दे दी गई है। विमान दुर्घटना के तकनीकी कारणों और अन्य पहलुओं की विस्तृत जांच डीजीसीए की टीम करेगी। जांच रिपोर्ट के बाद ही हादसे की वास्तविक वजह सामने आ सकेगी।


