तेज रफ्तार कार की धूल बनी काल; निर्माण कार्य के दौरान सुरक्षा मानकों पर उठे सवाल
Kanpur । सचेंडी थाना क्षेत्र स्थित प्रणवीर सिंह इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी (पीएसआईटी) कैंपस में सोमवार शाम एक दर्दनाक हादसा हो गया। कॉलेज परिसर के अंदर निर्माण कार्य में लगी एक जेसीबी से टकराकर बीसीए फाइनल ईयर के छात्र की मौत हो गई। घटना के बाद परिजनों में कोहराम मच गया और उन्होंने कॉलेज प्रशासन पर सुरक्षा व्यवस्था में लापरवाही के गंभीर आरोप लगाए हैं।
छुट्टी के समय हुआ हादसा
जानकारी के अनुसार बर्रा निवासी प्रखर सिंह (21) पीएसआईटी में बीसीए अंतिम वर्ष का छात्र था। सोमवार शाम करीब पांच बजे कॉलेज की छुट्टी के बाद वह अपनी बाइक से कॉलेज के पीछे वाले गेट से बाहर निकल रहा था। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक उसी समय एक तेज रफ्तार कार वहां से गुजरी, जिससे सड़क पर भारी धूल उड़ने लगी।
धूल के कारण नहीं दिखी जेसीबी
बताया जा रहा है कि धूल के गुबार के कारण प्रखर को सामने खड़ी जेसीबी दिखाई नहीं दी और उसकी बाइक सीधे उससे जा टकराई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि वह गंभीर रूप से घायल हो गया। मौके पर मौजूद लोगों ने तुरंत उसे अस्पताल पहुंचाया।
अस्पताल में तोड़ा दम
पहले उसे कल्याणपुर स्थित बीएमसी हॉस्पिटल ले जाया गया, लेकिन हालत नाजुक होने पर डॉक्टरों ने उसे रेफर कर दिया। इसके बाद उसे सर्वोदय नगर स्थित रीजेंसी हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया, जहां देर रात इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
परिजनों ने लगाए लापरवाही के आरोप
मृतक छात्र के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। परिजनों का आरोप है कि कैंपस में निर्माण कार्य चल रहा था, लेकिन वहां न तो कोई सुरक्षा घेरा लगाया गया था और न ही चेतावनी बोर्ड लगाए गए थे। उनका कहना है कि व्यस्त समय में भारी मशीनों को इस तरह असुरक्षित खड़ा करना ही इस हादसे की वजह बना।
पुलिस कर रही जांच
सचेंडी थाना पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। थाना प्रभारी के अनुसार मामले की गहनता से जांच की जा रही है और कैंपस में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है, ताकि हादसे की सही वजह सामने आ सके। परिजनों की तहरीर के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।


