कई दिन पुराना था शव, दुर्गंध आने पर किरायेदार ने दी सूचना; पोस्टमार्टम रिपोर्ट से खुलेगा मौत का राज
Kanpur । बर्रा थाना क्षेत्र के विश्व बैंक ए-1 ब्लॉक में सोमवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब घर में अकेले रह रहे पेंट कारोबारी अनुराग बघेल (45) का शव उनके बेडरूम में संदिग्ध परिस्थितियों में मिला। शव कई दिन पुराना होने के कारण कमरे से तेज दुर्गंध आ रही थी।
मकान की पहली मंजिल पर किराये पर रहने वाली एक युवती ने बदबू महसूस होने पर अनुराग के भाई को सूचना दी। इसके बाद भाई मौके पर पहुंचे और पुलिस को जानकारी दी। बर्रा थाना पुलिस ने दरवाजा खुलवाकर शव को बाहर निकलवाया और पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
पुलिस जांच में पता चला कि अनुराग बघेल पिछले करीब छह महीने से घर में अकेले रह रहे थे। उनकी पत्नी बच्चों की पढ़ाई के कारण दिल्ली में रह रही हैं। शुरुआती जांच में किसी तरह के संघर्ष या बाहरी हस्तक्षेप के स्पष्ट साक्ष्य नहीं मिले हैं।
पुलिस का कहना है कि शव की स्थिति को देखते हुए प्रथम दृष्टया हृदय गति रुकने से मौत होने की आशंका है। हालांकि, मौत के वास्तविक कारणों की पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगी। रिपोर्ट के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है।


