बिठूर पुलिस ने तीन सगे भाइयों के शातिर चोर गिरोह का किया भंडाफोड़
Kanpur । बिठूर थाना पुलिस ने स्वाट और सर्विलांस टीम के साथ मिलकर बड़ी कामयाबी हासिल की है। संयुक्त कार्रवाई में पुलिस ने स्कोडा कार से रेकी कर बंद घरों में चोरी करने वाले अंतर्जनपदीय शातिर चोर गिरोह का पर्दाफाश करते हुए तीन सगे भाइयों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से चोरी के जेवरात, नकदी, इलेक्ट्रॉनिक सामान, ड्रोन कैमरा और वारदात में प्रयुक्त लग्जरी कार बरामद की गई है।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान मुकेश राजपूत, आकाश उर्फ ढिल्ला और मनोज कुमार के रूप में हुई है। तीनों मूल रूप से मैनपुरी जिले के निवासी हैं और हाल के दिनों में शिवली (कानपुर देहात) क्षेत्र में रह रहे थे। पूछताछ में खुलासा हुआ है कि तीनों सगे भाई पहले भी चोरी के मामलों में मैनपुरी से जेल जा चुके हैं। जेल से छूटने के बाद उन्होंने दोबारा अपराध की दुनिया में कदम रखा और नया ठिकाना बनाकर कानपुर नगर क्षेत्र को निशाना बनाना शुरू कर दिया।
दिन में लग्जरी कार से घूमते थे, रात में देते थे वारदात को अंजाम
आरोपियों की कार्यप्रणाली काफी शातिर थी। दिन के समय स्कोडा कार (UP 80 CX 7009) से पॉश और रिहायशी इलाकों में घूमकर बंद मकानों की रेकी करते थे। इसके बाद रात के अंधेरे में मंधना, होरा बांगर और आसपास के क्षेत्रों में चोरी की घटनाओं को अंजाम देते थे। गिरोह का उद्देश्य कम समय में अधिक कीमती सामान पर हाथ साफ करना था।
मुखबिर की सूचना से दबोचा गया गिरोह
बिठूर पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि गिरोह चोरी की नीयत से इलाके में सक्रिय है। सूचना पर तत्काल कार्रवाई करते हुए थाना बिठूर पुलिस, स्वाट और सर्विलांस टीम ने पेम ग्राम मैदा फैक्ट्री पुलिया के पास घेराबंदी कर तीनों को गिरफ्तार कर लिया।
बरामदगी देख पुलिस भी हुई हैरान
पुलिस ने अभियुक्तों के पास से 18,500 रुपये नकद, पीली व सफेद धातु के भारी मात्रा में आभूषण जिनमें पायल, झुमके, कमरबंद शामिल हैं, के अलावा ड्रोन कैमरा, एलजी टीवी, टैबलेट, स्मार्ट वॉच, एलपीजी सिलेंडर, नेपाली सिक्के और चोरी में इस्तेमाल होने वाले गैस कटर जैसे औजार बरामद किए हैं।
पुलिस अधिकारियों की सराहना
यह कार्रवाई पुलिस कमिश्नर और डीसीपी पश्चिम के निर्देशन में की गई। अभियान में थाना बिठूर पुलिस, स्वाट टीम और सर्विलांस टीम पश्चिम जोन की अहम भूमिका रही। पुलिस ने अभियुक्तों के खिलाफ बीएनएस की संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर उन्हें न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है।पुलिस अधिकारियों का कहना है कि गिरोह द्वारा की गई अन्य चोरी की घटनाओं की भी जांच की जा रही है और बरामद सामान की पहचान कर पीड़ितों तक पहुंचाने की कार्रवाई की जाएगी।
गिरफ्तार करने वाली सर्विलांस, स्वाट टीम पश्चिम जोन कमिश्नरेट कानपुर नगर उप निरीक्षक विपिन मोरल-प्रभारी स्वाट, सर्विलांस टीम, उपनिरीक्षक राम मोहन-सर्विलांस टीम, हेड कॉन्स्टेबल सैयद मोहम्मद इमरान स्वाट टीम, कांस्टेबल संजय सर्विलांस टीम, कांस्टेबल धर्मेन्द्र सर्विलांस टीम, कांस्टेबल अवधेश कुमार-स्वाट टीम, कांस्टेबल परशुराम सर्विलांस टीम, गिरफ्तार करने वाली टीम थाना बिठूर कानपुर, उपनिरीक्षक सौरभ चतुर्वेदी थाना बिठूर, उपनिरीक्षक सौरभ प्रताप सिंह थाना बिठूर, उपनिरीक्षक रजनीश पाल थाना बिठूर, उपनिरीक्षक अभिषेक भदौरिया थाना बिठूर, उपनिरीक्षक अंशुल कुमार थाना बिठूर, हेड कांस्टेबल राजेन्द्र कुमार थाना बिठूर, कांस्टेबल दर्शन गौतम थाना बिठूर कानपुर नगर की रही अहम् भूमिका


