6 लाख के जेवर, नकदी और स्कूटी बरामद; एक गिरफ्तार, फरार भाई की तलाश
Kanpur । बंद मकान में लाखों की चोरी ने पुलिस को उलझाया, लेकिन जांच की कड़ियां जुड़ती गईं तो कहानी का राजदार कोई बाहरी नहीं, बल्कि घर का ही सगा भाई निकला। गुजैनी पुलिस ने चोरी का पर्दाफाश करते हुए एक आरोपित को गिरफ्तार कर लिया। उसके कब्जे से करीब पांच से छह लाख रुपये कीमत के सोने-चांदी के आभूषण, 5,500 रुपये नकद और वारदात में इस्तेमाल एक्टिवा स्कूटी बरामद हुई है। दूसरा आरोपित और उसका भाई अभी फरार है।
डीसीपी दक्षिण दीपेंद्र नाथ चौधरी ने प्रेसवार्ता में बताया कि गिरफ्तार आरोपित की पहचान शिवम सोनकर उर्फ प्रिंसू के रूप में हुई है। पूछताछ में उसने अपने भाई सत्यम उर्फ प्रदुम के साथ मिलकर बंद मकान में चोरी करने की बात स्वीकार की।
पुलिस के मुताबिक, चोरी की घटना के बाद से ही टीम आरोपितों की तलाश में जुटी थी। इसी दौरान मुखबिर ने एकता पार्क के पास संदिग्ध युवक के मौजूद होने की सूचना दी। सूचना मिलते ही गुजैनी पुलिस ने घेराबंदी कर शिवम को दबोच लिया। तलाशी में उसके पास से चोरी का माल बरामद होने पर पुलिस ने सख्ती से पूछताछ की। पूछताछ में उसने भाई के साथ मिलकर वारदात को अंजाम देने की बात कबूल कर ली।
पुलिस ने आरोपित के कब्जे से सोने की अंगूठियां, चेन, नथिया, मंगलसूत्र का लॉकेट और चांदी की पायल बरामद की हैं। इसके अलावा 5,500 रुपये नकद और घटना में प्रयुक्त एक्टिवा भी पुलिस के हाथ लगी है।
पुलिस ने गिरफ्तार आरोपित को सुसंगत धाराओं में जेल भेज दिया है। वहीं फरार सत्यम उर्फ प्रदुम की तलाश में उसके संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है।
लाखों की चोरी का कम समय में खुलासा और माल बरामद करने वाली गुजैनी पुलिस की डीसीपी दक्षिण ने पीठ थपथपाई। उन्होंने थाना प्रभारी राजन शर्मा समेत पुलिस टीम को 20 हजार रुपये का नकद पुरस्कार देने की घोषणा की।


