Kanpur । शहर की सबसे प्रतिष्ठित अंडर-12 आयु वर्ग की क्रिकेट प्रतियोगिता जेएनटी के 14वें सीजन के रजिस्ट्रेशन की आधिकारिक घोषणा शुक्रवार को की गयी। जिसके मुताबिक इस बार रजिस्ट्रेशन प्रक्रिया 10 अप्रैल से लेकर पांच मई तक चलेगी, जो संस्था की वेबसाइट www.jntorganisation.com पर की जा सकेगी।

संस्था के निदेशक संजय तिवारी ने बताया कि पिछले 40 वर्षों से जेएनटी स्पोर्ट्स वेलफेयर फाउंडेशन शहर में क्रिकेट की प्रारम्भिक प्रतिभाओं को निखारने और उन्हें सशक्त मंच प्रदान करने का कार्य कर रहा है। शुरुआती वर्षों में अंडर-15 स्तर पर कार्य करने के बाद पिछले 13 वर्षों से अंडर-12 स्तर पर करायी जा रही प्रतियोगिता में प्रदेश ही नहीं देश के अन्य राज्यों से भी खिलाड़ी प्रतिभाग कर रहे हैं।

टूर्नामेंट की सफलता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि अभी तक इस मंच से लगभग 32 खिलाड़ी प्रदेश टीम का प्रतिनिधित्व कर चुके हैं। इस सफलता के पीछे संस्था के चेयरमैन नवीन जैन और केसीए चेयरमैन डा.संजय कपूर का प्रमुख योगदान है।


