Kanpur । चाइनामैन कुलदीप यादव के कारण विश्व क्रिकेट टी 20 ट्रॉफी टूर शनिवार को बर्रा के केडीएमए इंटरनेशनल स्कूल में पहुंचा। जहां सैकड़ो की संख्या में मौजूद क्रिकेट प्रेमियों ने ट्रॉफी का भव्य स्वागत किया। इंडिया इंडिया की गूंज और टीम इंडिया के समर्थन में लिखे गए शुभकामना संदेश से क्रिकेट प्रेमियों ने गजब का उत्साह दिखाया।

क्रिकेट प्रेमियों ने टीम इंडिया के फिर से विश्व विजेता बनने की प्रार्थना की। ट्राफी टूर में स्कूल के छात्र-छात्राओं के साथ कुलदीप यादव का परिवार और शहर के क्रिकेट प्रेमी बड़ी संख्या में पहुंचे।

शनिवार को धाकड़ बल्लेबाज रिंकू सिंह के शहर अलीगढ़ से ट्राफी कुलदीप यादव के शहर कानपुर पहुंची। स्कूल परिसर में ट्रॉफी टूर का स्वागत कुलदीप यादव के पिता राम सिंह और पूर्व तथा अकादमी में प्रशिक्षण हासिल कर चुके खिलाड़ियों ने किया। इस दौरान क्रिकेट से जुड़े हुए क्विज का आयोजन हुआ। इसमें स्कूली छात्र छात्राओं से क्रिकेट से जुड़े हुए प्रश्न पूछे गए और सही उत्तर देने पर विश्व कप की जर्सी और कैप वितरण किया गया। इसके बाद यूपी टी 20 लीग के चेयरमैन डा. संजय कपूर ट्रॉफी लेकर स्कूली छात्र-छात्रा और अकादमी के खिलाड़ियों के बीच पहुंचे।

इस दौरान इंडिया इंडिया की गूंज से स्कूल परिसर गूंज उठा। हर किसी के चेहरे पर विश्व क्रिकेट की ट्रॉफी की चमक दिखाई दी। ट्रॉफी को छूने और उसकी एक झलक पाने को हर कोई बेताब दिखा। यूपी टी 20 लीग के चेयरमैन डा. संजय कपूर ने कहा कि विश्व कप ट्रॉफी पहली बार शहर आई है।
निश्चित ही भारतीय टीम लगातार दूसरी बार ट्रॉफी जीतकर किस कहीं नहीं जाने देगी। शहर के सितारे कुलदीप यादव के कारण हर किसी क्रिकेट प्रेमी का अरमान आज पूरा हुआ है। हम सबको पूरी उम्मीद है कि भारतीय टीम इस बार भी वर्ल्ड कप जीतेगी और कुलदीप यादव ट्रॉफी लेकर शहर आएंगे।


