मात्र 12 मैचों के लिए खर्च होंगे लगभग चार करोड़ रुपए
बारिश और ड्रेनेज सिस्टम न होना बनेगा बड़ी मुसीबत
Kanpur । उत्तर प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन (यूपीसीए) पहली बार कानपुर और लखनऊ में यूपी टी-20 लीग का चौथा सीजन आयोजित करने जा रहा है। लीग के कुल 34 मैचों में लखनऊ में 22 और कानपुर में 12 मुकाबले खेले जायेंगे। ग्रीन पार्क में कम मैच मिलने के बाद पक्षपात के आरोप लगने लगे हैं लेकिन यहां इन मैचों को भी आयोजित करने में यूपीसीए को खासी चुनौतियों का सामना करना पड़ेगा। लखनऊ में इकाना स्टेडियम काफी अत्याधुनिक बना हुआ है, वहां केवल उसे किराया चुकाना पड़ेगा लेकिन कानपुर के हालात इसके उलट हैं।
जानकारों की माने तो यूपीसीए को ग्रीन पार्क में मात्र 12 मैचों आयोजित करने के लिए भी लगभग चार करोड़ से ऊपर का खर्चा करना पड़ेगा।ग्रीन पार्क में यूपी लीग का पहला सीजन खेला गया था जिसमें एक करोड़ रुपए जमा करने के बाद अभी भी तकरीबन चार करोड़ रुपए बकाया है। फिलहाल यह मामला मुख्यमंत्री, सांसद और प्रशासनिक अधिकारियों के दखल देने के बाद अभी भी विचाराधीन है।
यही कारण था कि लीग का चौथा सीजन कानपुर से लखनऊ स्थानान्तरित करने पर भी विचार होने लगा था। हालांकि यूपी टी-20 लीग के चेयरमैन डा.संजय कपूर ने ऐतिहासिक कदम उठाते हुए इस बार लखनऊ और कानपुर दोनों जगह मैच कराने का फैसला लिया है। कानपुर निवासी होने के कारण डा. कपूर ने ग्रीन पार्क में मैच कराने को लेकर यूपीसीए के आलाधिकारियों सहित लीग काउंसिल और सभी फ्रेंचाइजियों को मना तो लिया है लेकिन स्टेडियम की बुनियादी सुविधाओं में कमियों के चलते ही यहां 12 मैच आयोजित कराना किसी अग्निपरीक्षा से कम नहीं होगा।
कुछ लोग इस भेदभाव पर सवाल खड़ा करे रहे हैं, लेकिन इन 12 मैचों के लिए भी यूपीसीए को तकरीबन चार करोड़ रुपए खर्च करने पड़ेंगे। जिसमें प्रति मैच 2.5 लाख रुपए के हिसाब से 30 तीस लाख का खर्च होगा, वहीं फ्लड लाइट में डीजल और जेनसेट का खर्च तकरीबन 50 लाख, प्लेयर्स पवेलियन व ब्राडकास्ट के लिए जेनसेट, सभी गैलरियों में कैमरे, स्टेडियम की सभी लिफ्ट को सही करने में लगभग 70 लाख का खर्च आने की संभावना है। इसके अलावा ग्रीन पार्क में फ्लड लाइट की रोशनी इस समय 14 हजार लक्स के आसपास है जिसे 17 हजार तक बढाने में यूपीसीए को कम से कम एक करोड़ का खर्च वहन आएगा।
स्टेडियम में ड्रेनेज सिस्टम न होने के कारण केवल मैचों के लिए 100 कर्मचारियों को कवर्स डालने के लिए और मैदान में पाइप डालने पर भी लगभग 50 लाख का खर्चा अनुमानित है। इसके अलावा ग्रीन पार्क की जर्जर सी बालकनी को दुरुस्त कराने व अन्य सभी गैलरियों की साफ-सफाई, टूटी कुर्सियों को बदवाने, रंगाई-पुताई आदि में एक करोड़ का खर्चा माना जा रहा है।
इतनी चुनौतियों के बाद भी लीग के आलाधिकरियों को मैच में कोई अप्रिय घटना न हो उसके लिए अंडरटेकिंग देनी होगी। यूपी टी-20 लीग के लखनऊ में 14 अगस्त को होने वाले उद्घाटन समारोह में यूपीसीए पांच करोड़ से ऊपर का खर्चा करने जा रहा है वहीं ग्रीन पार्क में 6 सितम्बर को भी वह समापन समारोह रखेगा, जिसमें भी रंगारंग कार्यक्रम रखने पर विचार कर रहा है। यदि यह समारोह भी आयोजित हुआ तो इसका खर्च अतिरिक्त करना पड़ेगा।
ये बोले जिम्मेदार-
बारिश और ग्रीन पार्क में ड्रेनेज सिस्टम न होने को ध्यान में रखते हुए हमने मैचों को आवंटित किया है। किसी भी मैच में बारिश होने पर दर्शकों को व्यव्धान न हो इसका विशेष ध्यान रखा गया है। ग्रीन पार्क में लीग के आखिरी मुकाबले सहित सभी प्लेऑफ और फाइनल मैच होंगे जो काफी महत्वपूर्ण होंगे। जिसमें दर्शकों को सबसे अधिक रोमांच देखने को मिलेगा। रही बात खर्च की तो ग्रीन पार्क हमारी प्राथमिक्ता है और यहां सभी दिक्कतों को दूर कर सफल आयोजन करेंगे। जिससे शहर का नाम रौशन हो सके।
– डा.संजय कपूर, यूपी टी-20 लीग चेयरमैन


