₹25 करोड़ के पुनर्विकास से यात्रियों को विश्वस्तरीय सुविधाएं, धार्मिक पर्यटन और उद्योग को मिलेगा बढ़ावा
Kanpur । अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत करीब 25 करोड़ रुपये की लागत से पुनर्विकसित पनकी धाम रेलवे स्टेशन अब आधुनिक सुविधाओं और धार्मिक आस्था का अनूठा संगम बन गया है। अत्याधुनिक यात्री सुविधाओं से सुसज्जित यह स्टेशन न सिर्फ यात्रियों की सहूलियत बढ़ाएगा, बल्कि धार्मिक पर्यटन, उद्योग और स्थानीय अर्थव्यवस्था को भी नई रफ्तार देगा।
वर्ष 1981 में स्थापित पनकी धाम रेलवे स्टेशन का निर्माण कानपुर सेंट्रल पर बढ़ते यात्री दबाव को कम करने के उद्देश्य से किया गया था। समय के साथ पंचमुखी श्री हनुमान मंदिर में श्रद्धालुओं की बढ़ती संख्या और पनकी क्षेत्र के औद्योगिक विस्तार ने इसकी अहमियत कई गुना बढ़ा दी। अब अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत इसका पूरी तरह कायाकल्प किया गया है।

स्टेशन पर दो मंजिला भवन, आधुनिक टिकटिंग क्षेत्र, विशाल प्रतीक्षालय, एक्जीक्यूटिव लाउंज, लिफ्ट, रैंप, आधुनिक शौचालय, बेहतर पेयजल व्यवस्था, विस्तारित प्लेटफॉर्म शेल्टर और उन्नत यात्री सूचना प्रणाली जैसी सुविधाएं विकसित की गई हैं। इसके अलावा 12 मीटर चौड़ा फुटओवर ब्रिज, 6 मीटर का अतिरिक्त एफओबी, लगभग 4500 वर्गमीटर का सर्कुलेटिंग एरिया, अलग प्रवेश-निकास मार्ग, पार्किंग और हरित क्षेत्र भी तैयार किए गए हैं।

स्टेशन की वास्तुकला में पनकी धाम की धार्मिक पहचान को विशेष रूप से उकेरा गया है। भवन का डिजाइन और स्वरूप स्थानीय संस्कृति तथा भगवान हनुमान की भक्ति परंपरा को दर्शाता है, जिससे यहां आने वाले यात्रियों और श्रद्धालुओं को कानपुर की सांस्कृतिक विरासत की झलक मिलती है।
पनकी धाम स्थित पंचमुखी श्री हनुमान मंदिर प्रदेश के प्रमुख धार्मिक स्थलों में शामिल है, जहां हर मंगलवार, शनिवार और हनुमान जयंती पर हजारों श्रद्धालु पहुंचते हैं। वहीं, पनकी क्षेत्र तापीय विद्युत परियोजना और औद्योगिक इकाइयों का बड़ा केंद्र भी है। ऐसे में आधुनिक रेलवे स्टेशन धार्मिक पर्यटन के साथ व्यापार और उद्योग को भी नई ऊर्जा देगा।


