बाजार, चौराहे और पार्क तिरंगा थीम से सजेंगे, फूलबाग-बिठूर में तिरंगा कॉन्सर्ट व मोतीझील में लगेगा तिरंगा मेला
Kanpur। हर घर तिरंगा अभियान को जनआंदोलन बनाने के उद्देश्य से गुरुवार को सरसैया घाट स्थित नवीन सभागार में जिलाधिकारी जितेंद्र प्रताप सिंह की अध्यक्षता में व्यापारिक संगठनों और विभिन्न संस्थाओं के प्रतिनिधियों की बैठक हुई। जिलाधिकारी ने व्यापारिक, सामाजिक और स्वयंसेवी संगठनों से अभियान में बढ़-चढ़कर भागीदारी निभाने की अपील करते हुए कहा कि जनसहभागिता से ही यह अभियान सफल होगा।
उन्होंने कहा कि यह अभियान स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों और देश के लिए सर्वोच्च बलिदान देने वाले वीरों के प्रति सम्मान व्यक्त करने का अवसर है।

अभियान के दौरान अमर शहीदों को श्रद्धांजलि दी जाएगी, राष्ट्रनायकों की प्रतिमाओं का अलंकरण होगा तथा प्रमुख बाजारों, चौराहों और पार्कों को तिरंगा थीम पर सजाया जाएगा।बैठक में बताया गया कि अभियान के तहत चिन्हित स्थानों पर आईटीबीपी बैंड की प्रस्तुति होगी। फूलबाग और बिठूर में तिरंगा कॉन्सर्ट तथा मोतीझील में तिरंगा मेले का आयोजन किया जाएगा।
शहर में तिरंगा थीम आधारित प्रकाश सज्जा, रंगोली और कलाकृतियों के माध्यम से देशभक्ति का माहौल बनाया जाएगा।डीएम ने निर्देश दिए कि तिरंगा रैलियों में विद्यार्थियों, युवाओं, सरकारी कर्मचारियों, स्वयं सहायता समूहों और आम नागरिकों की अधिकतम भागीदारी सुनिश्चित की जाए। प्रत्येक रैली की शुरुआत सामूहिक वंदे मातरम् गायन से होगी। साथ ही 14 अगस्त को विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस भी शासन के निर्देशानुसार मनाया जाएगा।


