खिड़की-दरवाजे के पास बैठे यात्रियों को बनाता था निशाना, 1.50 लाख के दो मोबाइल बरामद
Kanpur। ट्रेन जैसे ही आउटर पर रफ्तार कम करती, रसीद उर्फ लाला खान की नजर यात्रियों के मोबाइल और सामान पर टिक जाती थी। मौका मिलते ही हाथ बढ़ाकर मोबाइल या सामान झपटता और वहां से निकल जाता। ट्रेनों के आउटर पर यात्रियों का सामान उड़ाने वाले इस शातिर को आखिरकार जीआरपी कानपुर सेंट्रल पुलिस ने दबोच लिया। उसके पास से करीब 1.50 लाख रुपये कीमत के दो महंगे स्मार्टफोन बरामद हुए हैं।
जीआरपी थाना प्रभारी ओमनारायण सिंह के नेतृत्व में चल रहे अपराध नियंत्रण अभियान के तहत सोमवार सुबह करीब पांच बजे पुलिस टीम हैरिसगंज पुल से आगे सीपीसी वाशिंग लाइन की ओर जाने वाले कच्चे रास्ते पर पावर हाउस के पास चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान संदिग्ध हालत में घूम रहे युवक को पुलिस ने घेरकर पकड़ लिया।
पूछताछ में उसकी पहचान रसीद उर्फ लाला खान (32) पुत्र लल्लू, निवासी कोतवाली मौदहा, हमीरपुर के रूप में हुई। पुलिस के अनुसार आरोपित ने पूछताछ में बताया कि वह आउटर पर धीमी होती ट्रेनों में यात्रियों को निशाना बनाता था। खासकर खिड़की और दरवाजे के पास बैठे यात्रियों के मोबाइल पर उसकी नजर रहती थी।
पुलिस ने उसके कब्जे से एक मोटोरोला और एक सैमसंग एस-23 अल्ट्रा मोबाइल बरामद किया। जीआरपी ने मुकदमा दर्ज कर आरोपित को जेल भेजने की कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस के मुताबिक रसीद के खिलाफ पहले से भी कई मुकदमे दर्ज हैं।


