आगरा, प्रयागराज और बरेली नई फ्रेंचाइजी की दौड़ में आगे, ग्रीन पार्क में लाल मिट्टी की पिच भी बनेगी
Kanpur । यूपी टी-20 लीग के चौथे सीजन में कानपुर, लखनऊ, नोएडा, मेरठ, गोरखपुर और वाराणसी की टीम के साथ आगरा और प्रयागराज की टीम भी उतर सकतीं है। नई फ्रेंचाइजी को हासिल करने की दौड़ में बरेली बना हुआ है। अगस्त माह में प्रस्तावित लीग का चौथा सीजन कानपुर के ग्रीन पार्क स्टेडियम के साथ लखनऊ के इकाना स्टेडियम की मेजबानी में कराने की योजना है। लीग का पहला सीजन ग्रीन पार्क और दूसरा तथा तीसरा सीजन इकाना स्टेडियम की मेजबानी में आयोजित किया गया था।
मंगलवार को ग्रीन पार्क स्टेडियम में लीग के कार्यालय का शुभारंभ यूपी टी-20 लीग चेयरमैन डा. संजय कपूर, उप्र क्रिकेट एसोसिएशन के सचिव प्रेम मनोहर गुप्ता और गर्वनिंग काउंसिल के सदस्य संजीव सिंह ने विधिवत पूजन अर्चन से किया गया। चेयरमैन डा. संजय कपूर ने कहा कि कार्यालय की शुरुआत के साथ ही लीग की तैयारी भी शुरू हो गई है। नए सीजन में छह के स्थान पर आठ टीम लीग का हिस्सा बन सकती है। नई फ्रेंचाइजी को हासिल करने के लिए कई शहरों की ओर से प्रयास किया जा रहा है।
आगरा, प्रयागराज और बरेली फ्रेंचाइजी को हासिल करने की दौड़ में सबसे आगे हैं। युवा क्रिकेटरों को आइपीएल तक पहुंचाने वाली यूपी टी-20 लीग का आक्शन का प्रसारण लाइव किया जाएगा। टीम की संख्या बढ़ने से प्रदेश के उभरते हुए क्रिकेटरों को मंच मिलेगा और वे खुद को साबित कर आगे की राह बना सकेंगे।
उद्घाटन समारोह में यूपीसीए के सीईओ अंकित चटर्जी, कोषाध्यक्ष सचिन शुक्ला, नोडल सुजीत श्रीवास्वत, पूर्व क्रिकेटर शशिकांत खांडेकर, राहुल सप्रू, कपिल देव पांडेय, अरविंद सोलंकी, चरनजीत सिंह, मुकेश पांडेय, केसीए के अध्यक्ष एसएन सिंह, उपाध्यक्ष संजय तिवारी, सचिव कौशल कुमार सिंह, विनय आनंद अश्वनी कोहली आदि उपस्थित रहे।
खिलाड़ियों को मिलेगी लाल मिट्टी की पिच
यूपीसीए के सीईओ अंकित चटर्जी ने बताया कि ग्रीन पार्क स्टेडियम में लाल मिट्टी की पिच बनने का रास्ता साफ हो गया है। महाराष्ट्र से 40 टन लाल मिट्टी ग्रीन पार्क स्टेडियम आ गई है। कर्नल सीके नायडू ट्राफी मुकाबले के बाद स्टेडियम में लाल मिट्टी की पिच बनाने का काम शुरू कर दिया जाएगा। ग्रीन पार्क के साथ कमला क्लब में भी लाल मिट्टी की पिच बनाई जाएगी।


