मेरठ, नोएडा और गोरखपुर ने आखिरी ओवर में जीत हासिल कर किया विजयी आगाज
Kanpur । यूपी टी-20 लीग के चौथे सीजन की धमाकेदार शुरुआत हो चुकी है। अभी तक खेले गये तीन मुकाबलों में रोमांच अपने पूरे चरम पर दिखा। लखनऊ के इकाना स्टेडियम में 14 अगस्त से शुरू हुए टूर्नामेंट के ओपनिंग मैच में जहां यश गर्ग ने अकेले दम पर मेरठ मेरविक्स को शानदार जीत दिलायी वहीं नोएडा सुपरकिंग्स और गौर गोरखपुर लॉयंस ने भी दो गेंद शेष रहते जीत हासिल कर अपना खाता खोला। हालांकि यह तीनों मुकाबले काफी लो स्कोरिंग वाले रहे, जिससे इकाना की पिच पर भी सवाल खड़े होने लगे है लेकिन अंतिम ओवर में मैच का परिणाम निकलने से इसने मरहम लगाने का काम किया है।
शुक्रवार को इकाना स्टेडियम मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने तिरंगा लहराकर यूपी टी-20 लीग के चौथे सीजन का शानदार शुभारम्भ किया। इस मौके पर जैस्मिन सैंडलस और शंकर महादेवन ने अपने बेटों के साथ धमाकेदार परर्फामेंस देकर स्टेडियम में मौजूद हजारों दर्शकों को झूमने पर मजबूर कर दिया। देर रात शुरू हो पाए पहले मुकाबले में गत चैम्पियन काशी रुद्रास की पूरी टीम 19.3 ओवर में 118 रन ही बना सकी।
जवाब में मेरठ मेवरिक्स भी 98 रनों पर 9 विकेट गवां चुकी थी लेकिन यश गर्ग ने 14 गेंदों में दो छक्कों व एक चौके की मदद से नाबाद 23 रन बनाकर मेरठ को पारी की अंतिम गेंद पर एक विकेट की रोमांचक जीत दिलायी। यश ने गेंदबाजी में भी 19 रन देकर चार विकेट झटके और मैच के हीरो बने।
शनिवार को लीग का शुभारम्भ उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने किया। दिन के पहले मैच में कानपुर सुपरस्टार की टीम 20 ओवर में आठ विकेट पर 134 रन बना सकी। जवाब में नोएडा सुपर किंग्स ने 19.4 ओवर में सात विकेट खोकर दो विकेट की शानदार जीत दर्ज की। टीम की जीत में बॉबी यादव (44), कार्तिक सिद्धू (34), शिवा सिंह और कुणाल त्यागी (दोनों 3-3 विकेट) ने अपनी अहम भूमिका निभायी।
वर्षा बाधित दिन के दूसरे मैच में मेजबान लखनऊ फॉल्कंस की टीम 15 ओवर में 6 विकेट पर 94 रन बना सकी। जवाब में गौर गोरखपुर लॉयंस ने 14.4 ओवर में छह विकेट पर लक्ष्य हासिल कर डकवर्थ लुइस नियम के तहत चार विकेट से जीत हासिल की। जीत में सिद्धार्थ यादव ने 39 और पार्थ पालावत ने 25 रनों का योगदान किया।
—


