Thursday, September 3, 2026
HomeकानपुरKanpur : रेलवे के समोसों का ‘काला सच’: डेढ़ क्विंटल सड़ा आलू...

Kanpur : रेलवे के समोसों का ‘काला सच’: डेढ़ क्विंटल सड़ा आलू मिला, 3200 समोसे कराए नष्ट

 

एक फैक्ट्री सील, 2384 किलो मैदा सीज; जांच में सामने आईं कई गंभीर खामियां

Kanpur। रेलवे स्टेशन की कैंटीन या दुकान से गरमागरम समोसा खरीदते समय शायद ही किसी ने सोचा होगा कि इसकी भरावन में इस्तेमाल होने वाला आलू कितना पुराना या खराब हो सकता है। गुरुवार को खाद्य सुरक्षा विभाग की कार्रवाई ने रेलवे में सप्लाई होने वाले समोसों की निर्माण प्रक्रिया पर सवाल खड़े कर दिए। रेल बाजार की तीन समोसा निर्माण इकाइयों पर छापेमारी के दौरान टीम को डेढ़ क्विंटल सड़ा आलू मिला। यही नहीं, अस्वच्छ परिस्थितियों में रखे 3200 बिना तले समोसे और 25 किलो आलू मसाला भी मौके पर नष्ट कराया गया।

#kanpurजिलाधिकारी जितेंद्र प्रताप सिंह के निर्देश पर हुई कार्रवाई में एक निर्माण इकाई को सील कर दिया गया, जबकि दूसरी कार्रवाई में 48 बोरियों में रखा 2384 किलो मैदा सीज किया गया। सहायक आयुक्त (खाद्य)-II संजय प्रताप सिंह ने बताया कि क्षेत्रीय खाद्य सुरक्षा अधिकारी से मिली सूचना के बाद मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी धर्मेंद्र कुमार द्विवेदी के नेतृत्व में टीम गठित की गई थी।

पहली फैक्ट्री में सड़ा आलू देख चौंकी टीम
निर्मल कुमार मिश्र की समोसा निर्माण इकाई में पहुंची टीम को परिसर में करीब डेढ़ क्विंटल सड़ा आलू पड़ा मिला। साथ ही 400 बिना तले समोसे भी रखे थे। खाद्य सुरक्षा अधिकारियों ने दोनों को मौके पर ही नष्ट कराया। यहां से मिर्च पाउडर, हल्दी पाउडर और तैयार समोसे के तीन नमूने जांच के लिए लिए गए।

लाइसेंस नहीं दिखाया, फैक्ट्री सील
इसके बाद टीम बंटू यादव की इकाई पहुंची। यहां नौकर और मजदूर खाद्य पदार्थ तैयार करते मिले। 800 बिना तले समोसे और पांच किलो आलू मसाला अस्वच्छ स्थिति में रखा था। टीम ने इसे नष्ट कराया। संचालक को कई बार बुलाने के बावजूद वह मौके पर नहीं पहुंचा और खाद्य लाइसेंस भी प्रस्तुत नहीं किया गया। इसके बाद निर्माण इकाई सील कर दी गई।

तीसरी फैक्ट्री में हजारों समोसे और मैदा सीज
हाता नंबर-दो स्थित मोहम्मद शोएब की इकाई में 2000 बिना तले समोसे और 20 किलो आलू मसाला अस्वच्छ परिस्थितियों में मिला। इन्हें भी नष्ट कराया गया। यहां से मैदा, रिफाइंड पामोलिन ऑयल और समोसा मसाला के नमूने लिए गए। 48 बोरियों में रखा 2384 किलो मैदा भी सीज कर दिया गया।

#kanpur
अधिकारियों के अनुसार तीनों इकाइयों में तैयार समोसों की रेलवे की कैंटीनों और दुकानों में सप्लाई होती थी। कार्रवाई के दौरान कुल छह नमूने लिए गए हैं। इन्हें प्रयोगशाला भेजा जाएगा। रिपोर्ट आने के बाद संबंधित खाद्य कारोबारियों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

MOST POPULAR

New Delhi : वैष्णो देवी यात्रा में हादसा: भूस्खलन से 5 श्रद्धालुओं की मौत, 14 घायल

डोडा में भी बादल फटने से तबाही देखे विडीयो New Delhi । जम्मू-कश्मीर के रियासी जिले में माता वैष्णो देवी मंदिर मार्ग पर भूस्खलन की भयावह घटना हुई है।अर्धकुंवारी क्षेत्र...