Kanpur । छत्रपति शाहू जी महाराज विश्वविद्यालय (कानपुर विश्वविद्यालय) में बुधवार को आयोजित एक गरिमामय समारोह में पुस्तक “ऑनलाइन शिक्षा एवं शिक्षण अधिगम प्रक्रिया” का विमोचन कुलपति एवं मुख्य विकास अधिकारी (सीडीओ) द्वारा किया गया। डिजिटल शिक्षा के बदलते परिदृश्य पर आधारित इस पुस्तक को ज्वाला देवी विद्या मंदिर पीजी कॉलेज की प्रोफेसर (डॉ.) सुषमा सिंह और सह-लेखिका पूजा गोस्वामी ने संयुक्त रूप से लिखा है।
समारोह में मुख्य अतिथियों ने पुस्तक का लोकार्पण करते हुए लेखिकाओं को बधाई दी और कहा कि वर्तमान समय में ऑनलाइन शिक्षा का महत्व लगातार बढ़ रहा है। ऐसे में यह पुस्तक शिक्षण और अधिगम की नई प्रक्रियाओं को समझने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी। उन्होंने कहा कि तकनीक आधारित शिक्षा के दौर में शिक्षकों, शोधार्थियों और विद्यार्थियों के लिए यह पुस्तक एक उपयोगी मार्गदर्शिका साबित होगी।
पुस्तक की मुख्य लेखिका प्रोफेसर (डॉ.) सुषमा सिंह ने बताया कि पुस्तक का उद्देश्य ऑनलाइन शिक्षा की चुनौतियों, संभावनाओं और व्यावहारिक पहलुओं को सरल भाषा में प्रस्तुत करना है। उन्होंने कहा कि नई तकनीकों के बढ़ते उपयोग के बीच शिक्षकों और विद्यार्थियों को बदलती शिक्षण पद्धतियों से परिचित कराना समय की आवश्यकता है।
सह-लेखिका पूजा गोस्वामी ने कहा कि पुस्तक में ऑनलाइन शिक्षण के विभिन्न आयामों, डिजिटल संसाधनों के उपयोग तथा प्रभावी अधिगम की प्रक्रियाओं को विस्तार से शामिल किया गया है। इससे शिक्षा क्षेत्र में तकनीकी समझ विकसित करने में मदद मिलेगी।
ज्वाला देवी विद्या मंदिर पीजी कॉलेज की प्राचार्या, प्रबंधन समिति के सदस्यों तथा विश्वविद्यालय के वरिष्ठ शिक्षाविदों ने दोनों लेखिकाओं को उनकी इस शैक्षणिक उपलब्धि के लिए शुभकामनाएं दीं।


