Kanpur । केसीए की ओर से आयोजित द्वितीय आनंद राव पाटिल मेमोरियल क्रिकेट टूर्नामेंट (हरा पत्ता कप) के तहत खेले गए प्रथम सेमीफाइनल में सुपीरियर स्पिरिट्स स्पोर्ट्स एकेडमी ने शानदार प्रदर्शन करते हुए एसएस क्लब को 108 रनों से हराकर फाइनल में प्रवेश किया। किदवई नगर स्थित साउथ ग्राउंड पर पहले बल्लेबाजी करते हुए सुपीरियर स्पिरिट्स ने 35 ओवर में सात विकेट के नुकसान पर 240 रन बनाए।
जय प्रकाश गुप्ता ने 67 रन की उम्दा पारी खेली, जबकि धनंजय यादव ने नाबाद 42 और रितेश सिंह ने 41 रन जोड़े। जवाब में एसएस क्लब की टीम 28.1 ओवर में 133 रन पर सिमट गई। दिव्यांश सिंह ने 45 रन बनाए। सुपीरियर की ओर से अमित गुप्ता और जय प्रकाश गुप्ता ने दो-दो विकेट लिए। ऑलराउंड प्रदर्शन के लिए जय प्रकाश गुप्ता को मैन ऑफ द मैच चुना गया।
टूर्नामेंट के चौथे क्वार्टर फाइनल में आदर्श क्लब ने नेशनल यूथ को 35 रनों से पराजित कर सेमीफाइनल में जगह बनाई। आदर्श क्लब ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 35 ओवर में 206 रन बनाए, जिसमें हर्षित यादव के 63 और रजीत कुमार के 49 रन शामिल रहे। जवाब में नेशनल यूथ की टीम 33.3 ओवर में 171 रन पर ऑलआउट हो गई। रोहित कश्यप ने 52 रन बनाए।
गेंदबाजी में देवेश तिवारी ने तीन विकेट लेकर मैन ऑफ द मैच का पुरस्कार हासिल किया। प्रतियोगिता सचिव प्रमोद पाटिल ने बताया कि टूर्नामेंट का दूसरा सेमीफाइनल मुकाबला 6 जनवरी को साउथ ग्राउंड पर आदर्श क्लब और भरत क्लब के बीच खेला जाएगा।


