- Kanpur । आईआईटी कानपुर की स्टाफ जिमखाना टीम 2026-28 के तत्वावधान में आयोजित पांच दिवसीय अंतर-संस्थान वॉलीबॉल टूर्नामेंट का सफल समापन हुआ। 4 से 9 जुलाई तक चले इस आयोजन में संस्थान के विभिन्न विभागों के 115 कर्मचारियों ने भाग लिया, जिनकी आठ टीमों ने खिताब के लिए मुकाबला किया।
प्रतियोगिता का उद्घाटन रसायन विज्ञान विभाग के एसोसिएट प्रोफेसर एवं स्टाफ जिमखाना के चेयरमैन डॉ. श्रीनिवास धारावत तथा सहायक प्रोफेसर डॉ. चिन्मय कोले ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर और उन्हें शुभकामनाएं देकर किया। समापन समारोह में डॉ. धारावत ने विजेता एवं उपविजेता टीमों को सम्मानित किया।
फाइनल मुकाबले में टीम विवेकानंद और टीम सुभाष चंद्र बोस के बीच रोमांचक मुकाबला हुआ। शानदार खेल का प्रदर्शन करते हुए टीम विवेकानंद ने खिताब अपने नाम किया। विजेता टीम की कप्तानी शिवम मौर्य ने की, जबकि ऋषभ के नेतृत्व वाली टीम सुभाष चंद्र बोस उपविजेता रही। पूरे टूर्नामेंट में खिलाड़ियों ने अनुशासन, टीम भावना और खेल भावना का उत्कृष्ट परिचय दिया।


