Kanpur। उप्र क्रिकेट एसोसिएशन (यूपीसीए) की ओर से घरेलू शृंखला के लिए बेहतर खिलाड़ियों की खोज की जा रही है। ग्रीन पार्क, कमला क्लब और द स्पोर्ट्स हब में खेले जा रहे पांच जोन के ट्रायल मैच में दूसरे दिन वर्षा के बाद गेंदबाजों ने सधी लेंथ और रफ्तार तथा बल्लेबाजों ने स्किल का प्रदर्शन किया।
बुधवार को अंतिम ट्रायल मैच के बाद चैलेंजर ट्राफी के लिए संभावित खिलाड़ियों के नाम चिह्नित किए जाएंगे। जिन्हें उप्र की टीम में चैलेंजर ट्राफी के प्रदर्शन के आधार पर चुना जाएगा।
मंगलवार को सुबह हुई वर्षा के कारण ट्रायल मैच दोपहर के बाद से शुरू हो सके। कमला क्लब और ग्रीन पार्क में खिलाड़ियों के बीच खुद को साबित करने की होड़ दिखी। चयनकर्ता कमलकांत, रंजीत यादव, जाहिद अली, बृजेंद्र यादव, अरविंद सोलंकी ने हर खिलाड़ी को निर्धारित लक्ष्य देकर मैदान में भेजा और गेंद को पढ़ने की कला तथा शाट लगाने का कौशल देखा। वहीं, गेंदबाजाें के एक्शन और लेंथ पर खिलाड़ियाें को निर्देशित भी किया। ट्रायल मैच के प्रदर्शन के आधार पर खिलाड़ी चैलेंजर ट्राफी और फिर उप्र की अंडर-19 टीम के लिए चुने जाएंगे।


