Thursday, May 14, 2026
HomeकानपुरKanpur : प्रतिभा संसाधनों की मोहताज नहीं होती: डीएम

Kanpur : प्रतिभा संसाधनों की मोहताज नहीं होती: डीएम

*डीएम ने जीजीआईसी विजयनगर की छात्राओं से किया संवाद, बड़े लक्ष्य हासिल करने को किया प्रेरित*

*डीएम की पहल पर लगभग 400 छात्राओं को मिली निःशुल्क यूनिफॉर्म*

 

Kanpur । जिलाधिकारी जितेंद्र प्रताप सिंह ने गुरुवार को राजकीय बालिका इंटर कॉलेज, विजयनगर पहुंचकर छात्राओं से संवाद किया और उन्हें शिक्षा, अनुशासन तथा आत्मविश्वास का महत्व समझाया। इस दौरान उन्होंने लगभग 400 छात्राओं को यूनिफॉर्म वितरित की। छात्राओं के लिए यूनिफॉर्म जिलाधिकारी की पहल पर जनसहयोग से प्राप्त धनराशि के माध्यम से उपलब्ध कराई गई।

#kanpur

विद्यालय पहुंचने पर छात्राओं ने स्वागत गीत प्रस्तुत कर जिलाधिकारी का अभिनंदन किया। प्रधानाचार्या दीपिका सिंह भदौरिया ने पुष्पगुच्छ भेंट कर उनका स्वागत किया। इसके बाद जिलाधिकारी ने विद्यालय परिसर और कक्षाओं का निरीक्षण किया तथा छात्राओं से सीधे संवाद किया।

#kanpur

इस अवसर पर छात्राओं को संबोधित करते हुए जिलाधिकारी ने कहा कि बेटियों में असीमित क्षमताएं होती हैं और प्रतिभा कभी संसाधनों की मोहताज नहीं होती। उन्होंने कहा कि मनोबल, परिश्रम और अनुशासन के बल पर जीवन के बड़े से बड़े लक्ष्य हासिल किए जा सकते हैं। उन्होंने छात्राओं से आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ने, नियमित अध्ययन करने और अपने लक्ष्य तय कर उन्हें पाने के लिए निरंतर प्रयास करने का आह्वान किया।

उन्होंने छात्राओं को राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के जीवन संघर्ष और उपलब्धियों से प्रेरणा लेने की सलाह दी। जिलाधिकारी ने कहा कि साधारण पृष्ठभूमि से आने वाले लोग भी अपनी मेहनत और संकल्प के बल पर देश के सर्वोच्च पद तक पहुंच सकते हैं।

जिलाधिकारी ने कक्षा 10 की छात्राओं से सामाजिक विज्ञान विषय से जुड़े प्रश्न भी पूछे और विद्यालय की शैक्षणिक गुणवत्ता को परखा। छात्राओं ने उत्साहपूर्वक जवाब दिए। छात्राओं का आत्मविश्वास और सहभागिता देखकर जिलाधिकारी ने उनकी सराहना की। उन्होंने छात्राओं को प्रतिदिन अखबार पढ़ने, समय का सही प्रबंधन करने और नियमित नोट्स बनाने की आदत विकसित करने की सलाह दी।

कार्यक्रम के दौरान हाईस्कूल परीक्षा में विद्यालय में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाली छात्रा साक्षी सोनी को जिलाधिकारी ने सम्मानित भी किया। उन्होंने विद्यालय को नया स्वरूप देने का आश्वासन देते हुए कहा कि आने वाले समय में विद्यालय को आधुनिक सुविधाओं से युक्त विकसित किया जाएगा, जिससे छात्राओं को आधुनिक और प्रेरक शैक्षणिक माहौल मिल सके।

कार्यक्रम में विद्यालय की प्रवक्ता प्रीती मौर्या, ऋचा मिश्रा, श्वेता बाजपेई, सीमा कटियार सहित विद्यालय का समस्त स्टाफ उपस्थित रहा।

MOST POPULAR

New Delhi : वैष्णो देवी यात्रा में हादसा: भूस्खलन से 5 श्रद्धालुओं की मौत, 14 घायल

डोडा में भी बादल फटने से तबाही देखे विडीयो New Delhi । जम्मू-कश्मीर के रियासी जिले में माता वैष्णो देवी मंदिर मार्ग पर भूस्खलन की भयावह घटना हुई है।अर्धकुंवारी क्षेत्र...