परिजनों ने रिश्तेदार युवक पर प्रताड़ना का लगाया आरोप, पुलिस जांच में जुटी
Kanpur । चकेरी के श्यामनगर गंगानगर में बुधवार को नीट की तैयारी कर रही 18 वर्षीय छात्रा खुशबू सिंह की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत से सनसनी फैल गई। घटना की जानकारी मिलने पर चकेरी पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। पुलिस के अनुसार मौके से कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ है।
परिजनों ने परिवार के ही एक रिश्तेदार युवक पर छात्रा को लंबे समय से मानसिक रूप से परेशान करने का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि छात्रा ने युवक का मोबाइल नंबर ब्लॉक कर दिया था, इसके बावजूद वह अलग-अलग नंबरों से फोन करता था। आरोप है कि युवक छात्रा पर प्रेम संबंध बनाने का दबाव डाल रहा था। परिजनों ने इसी प्रताड़ना को छात्रा की मौत की वजह बताया है।
घटना के बाद पुलिस ने परिजनों से जानकारी जुटाने के साथ ही मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस कॉल डिटेल और अन्य तकनीकी साक्ष्यों की भी पड़ताल कर रही है। आसपास के लोगों से भी पूछताछ की जा रही है।
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक अभी मौत की वजह स्पष्ट नहीं है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। वहीं, घटना के बाद परिवार में मातम पसरा है।


