Kanpur : स्कूलों के बाहर सड़क पर पार्किंग पर सख्ती, 81 विद्यालयों की नई टाइमिंग 1 अप्रैल से लागू
कानपुर। शहर में बढ़ते ट्रैफिक दबाव और जाम की समस्या को देखते हुए जिला प्रशासन ने स्कूलों के बाहर वाहनों की पार्किंग पर सख्त रोक लगाने का फैसला किया है। सोमवार को सरसैया घाट स्थित नवीन सभागार में हुई सड़क सुरक्षा समिति की बैठक में यह महत्वपूर्ण निर्णय लिया गया।
बैठक में निर्देश दिए गए कि विद्यालयों में चलने वाली बसें, अन्य वाहन और अभिभावकों के निजी वाहन अब स्कूल के सामने सड़क पर खड़े नहीं किए जाएंगे। साथ ही स्कूल खुलने और छुट्टी के समय मुख्य द्वार पर कर्मचारियों की तैनाती अनिवार्य होगी, ताकि यातायात प्रभावित न हो।
यातायात को सुचारू बनाए रखने के लिए शहर के 81 विद्यालयों की नई समय सारिणी भी तय की गई है, जो 1 अप्रैल 2026 से लागू होगी। सभी संबंधित स्कूलों को इसकी सूचना पहले ही दे दी गई है और पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।
बैठक में जीटी रोड पर अवैध अतिक्रमण के खिलाफ जारी कार्रवाई की भी समीक्षा की गई। पीडब्ल्यूडी के अधिशासी अभियंता अरुण कुमार जयंत ने बताया कि हाल ही में 14 अवैध दुकानों को हटाया गया है और आगे भी यह अभियान जारी रहेगा।
रामादेवी और नारामऊ क्षेत्र में मॉडल शॉप के कारण लगने वाले जाम पर भी चर्चा हुई। जिला आबकारी अधिकारी ने बताया कि संबंधित दुकानों को अतिक्रमण हटाने के नोटिस दिए जा चुके हैं। समय सीमा में कार्रवाई न होने पर वैधानिक कदम उठाए जाएंगे। वहीं, रामादेवी के पास लगने वाली सब्जी मंडी से जाम की समस्या पर भी प्रशासन ने सख्ती के संकेत दिए हैं।
जिलाधिकारी ने 1 से 15 अप्रैल तक स्कूली वाहनों की विशेष जांच अभियान चलाने के निर्देश भी दिए। परिवहन विभाग की टीमें स्कूलों में जाकर वाहनों की जांच करेंगी और उसका विवरण पोर्टल पर अपलोड किया जाएगा। साथ ही स्कूलों में वाहन संचालन समितियों की नियमित बैठक कर उसकी रिपोर्ट उपलब्ध कराने को कहा गया है।
इसके अलावा एलिम्को के पास फुटओवर ब्रिज निर्माण का प्रस्ताव तैयार करने और विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के व्यापक प्रचार-प्रसार के भी निर्देश दिए गए।
बैठक में डीसीपी ट्रैफिक, शिक्षा विभाग, परिवहन और पीडब्ल्यूडी सहित कई विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
Kanpur : स्कूलों के बाहर सड़क पर पार्किंग पर सख्ती, 81 विद्यालयों की नई टाइमिंग 1 अप्रैल से लागू


