Kanpur । पुरानी पेंशन योजना (ओपीएस) की मांग को लेकर विशिष्ट बीटीसी-2004 शिक्षक रविवार को विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना से मिले। विशिष्ट बीटीसी शिक्षक वेलफेयर एसोसिएशन के प्रतिनिधिमंडल ने ज्ञापन सौंपकर 28 मार्च 2005 से पहले विज्ञापित पदों पर चयनित शिक्षकों को पुरानी पेंशन योजना का लाभ देने की मांग की।

प्रदेश उपाध्यक्ष अभय मिश्र ने बताया कि वर्ष 2004 के विज्ञापन के आधार पर प्रशिक्षण के बाद प्रदेश के करीब 40 हजार शिक्षकों की नियुक्ति परिषदीय विद्यालयों में हुई थी। इसके बावजूद विभागीय आपत्तियों के चलते उन्हें अब तक पुरानी पेंशन का लाभ नहीं मिल सका। उन्होंने कहा कि 31 अक्तूबर 2005 के शासनादेश में स्पष्ट है कि इन नियुक्तियों के लिए अलग से नया विज्ञापन आवश्यक नहीं था।
वहीं, सर्वोच्च न्यायालय भी इस मामले में निर्णय का अधिकार राज्य सरकार को दे चुका है।विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना ने प्रतिनिधिमंडल को आश्वस्त किया कि वह इस संबंध में शासन को पत्र लिखकर आवश्यक कार्रवाई का आग्रह करेंगे। उनके आश्वासन से शिक्षकों में उम्मीद जगी है कि लंबे समय से लंबित पुरानी पेंशन का मामला जल्द आगे बढ़ सकता है।प्रतिनिधिमंडल में डॉ. आशीष कुमार दीक्षित, डॉ. रामकुमार त्रिपाठी, हनुमान त्रिपाठी, प्रदीप कुमार शर्मा, मलय गुप्ता समेत बड़ी संख्या में शिक्षक मौजूद रहे।


