शादी का झांसा देकर युवती का शोषण करने का आरोप, अयोध्या से पकड़ा गया सिपाही
Kanpur। नौकरी लगते ही जिस रिश्ते को निभाने का भरोसा दिया था, उसी से सिपाही ने मुंह मोड़ लिया। शादी का झांसा देकर युवती का लंबे समय तक शोषण करने और बाद में शादी से इनकार करने के आरोप में बिठूर पुलिस ने अमेठी के गौरीगंज थाने में तैनात सिपाही अश्वनी चौहान को अयोध्या से गिरफ्तार कर लिया। सोमवार को न्यायालय में पेशी के बाद उसे जेल भेज दिया गया।
बिठूर निवासी युवती ने पुलिस को बताया कि सिपाही ने शादी का भरोसा देकर उससे संबंध बनाए थे। पुलिस विभाग में नौकरी मिलने के बाद उसका व्यवहार बदल गया। उसने युवती से दूरी बनानी शुरू कर दी और बाद में शादी करने से साफ इनकार कर दिया। युवती ने शादी के लिए दबाव बनाया तो आरोप है कि सिपाही ने उसका फोन ब्लॉक कर दिया। साथ ही जान से मारने की धमकी देने और जातिसूचक शब्दों का इस्तेमाल कर अपमानित करने का भी आरोप लगाया गया।
न्याय की आस में युवती ने 10 अगस्त को डीसीपी पश्चिम से शिकायत की। मामले की जांच एसीपी कल्याणपुर को सौंपी गई। जांच में प्रथम दृष्टया आरोप सही पाए जाने के बाद बिठूर पुलिस ने सिपाही की तलाश शुरू की और उसे अयोध्या से दबोच लिया।
डीसीपी पश्चिम एसएम कासिम आबिदी ने बताया कि मामले में जुटाए गए तथ्यों और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।


