कानपुर सेंट्रल स्टेशन पर जीआरपी और आरपीएफ की मुस्तैदी से अंतरराज्यीय गांजा तस्करी का बड़ा नेटवर्क बेनकाब हुआ। उड़ीसा से रीवा ले जाई जा रही करीब 28 लाख रुपये की गांजे की खेप के साथ दो तस्करों को गिरफ्तार कर लिया गया।
Kanpur । रेलवे के रास्ते मादक पदार्थों की तस्करी पर शिकंजा कसते हुए जीआरपी और आरपीएफ ने बुधवार तड़के बड़ी कार्रवाई की। कानपुर सेंट्रल स्टेशन के पास संयुक्त चेकिंग अभियान के दौरान दो अंतरराज्यीय तस्करों को 26 किलो 70 ग्राम गांजे के साथ गिरफ्तार किया गया। बरामद गांजे की कीमत करीब 28 लाख रुपये बताई जा रही है।
प्रभारी निरीक्षक जीआरपी ओम नारायण सिंह और आरपीएफ पोस्ट प्रभारी सिद्धनाथ पाटीदार के नेतृत्व में टीम हैरिसगंज पुल से टाटमिल की ओर जाने वाले मार्ग पर संदिग्धों की निगरानी कर रही थी। सुबह करीब 3:20 बजे दो युवक ट्रॉली बैग लेकर संदिग्ध हालत में दिखाई दिए। पुलिस ने घेराबंदी कर दोनों को पकड़ लिया।
तलाशी के दौरान दोनों ट्रॉली बैगों से कुल 26 किलो 70 ग्राम गांजा बरामद हुआ। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे खेप को उड़ीसा से ट्रेन के जरिए लाए थे और उसे मध्य प्रदेश के रीवा पहुंचाने के लिए दूसरी ट्रेन का इंतजार कर रहे थे।
जीआरपी ने दोनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर जेल भेज दिया है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि तस्करी के इस नेटवर्क से और कौन-कौन लोग जुड़े हैं तथा गांजे की सप्लाई किन-किन राज्यों में की जाती थी।


