Kanpur। केएसएस (कानपुर सहोदय स्कूल्स) की दो दिवसीय जोन-ए टेबल टेनिस प्रतियोगिता का समापन मंगलवार को हुआ। कौशलपुरी स्थित श्री सनातन धर्म एजुकेशन सेंटर में हुई प्रतियोगिता में सीबीएसई से संबद्ध 15 बालक और 10 बालिका टीमों ने हिस्सा लिया।
प्रतियोगिता के बालक वर्ग का खिताब सर पद्मपत सिंघानिया एजुकेशन सेंटर ने अपने नाम किया, जबकि बालिका वर्ग में दिल्ली पब्लिक स्कूल आजाद नगर ने चैंपियन बनने का गौरव हासिल किया।व्यक्तिगत स्पर्धा में बालक वर्ग में आशुतोष गुप्ता ने पहला स्थान प्राप्त किया, जबकि बालिका वर्ग में काव्या ए. शाह विजेता रहीं। प्रतियोगिता का संचालन मुख्य रेफरी संजय टंडन और उनकी टीम ने टेबल टेनिस एसोसिएशन के नियमों के अनुरूप कराया।
समापन व पुरस्कार वितरण समारोह में मुख्य अतिथि उत्तर प्रदेश टेबल टेनिस एसोसिएशन के अध्यक्ष संजीव पाठक, विशिष्ट अतिथि हरमिलाप मिशन स्कूल की निदेशक मीनू गोसाईं, श्री सनातन धर्म एजुकेशन सेंटर की निदेशक शोभा दास और प्रधानाचार्या स्मिता त्रिवेदी ने ट्रॉफी और पदक प्रदान किए। इस मौके पर संजीव पाठक ने प्रतियोगिता के सफल आयोजन की सराहना करते हुए खिलाड़ियों से निरंतर अभ्यास और बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रयासरत रहने का आह्वान किया।


