Sunday, August 16, 2026
HomeखेलKanpur : सिद्धांत के बल्ले से निकला जीत का चौका, गोरखपुर ने...

Kanpur : सिद्धांत के बल्ले से निकला जीत का चौका, गोरखपुर ने मारी बाजी

डीएलएस से लखनऊ फाल्कन्स को चार विकेट से दी शिकस्त, सिद्धांत यादव की 39 रन की पारी ने दिलाई रोमांचक जीत

 

Kanpur । बारिश ने यूपी टी-20 लीग के मुकाबले का गणित बदला तो गोरखपुर लायंस ने मौके को भुनाते हुए लखनऊ फाल्कन्स को चार विकेट से शिकस्त दे दी। भारत रत्न श्री अटल बिहारी वाजपेयी इकाना क्रिकेट स्टेडियम में खेले गए मुकाबले में गोरखपुर ने डकवर्थ-लुईस (डीएलएस) नियम के तहत 100 रन का संशोधित लक्ष्य दो गेंद शेष रहते हासिल कर लिया। सिद्धांत यादव ने 27 गेंदों पर 39 रन की जिम्मेदार पारी खेलकर टीम की जीत में अहम भूमिका निभाई। आखिरी ओवर में तीन रन चाहिए थे, जिसे शिवम ने चौका लगाकर पूरा कर दिया।

#kanpur
टॉस जीतकर गोरखपुर के कप्तान आर्यन जुयाल ने पहले गेंदबाजी चुनी। लखनऊ की शुरुआत बेहद खराब रही और पावरप्ले में ही पांच विकेट 31 रन पर गिर गए। प्रिंस यादव के छठे ओवर में तीन विकेट गिरने से लखनऊ की मुश्किलें और बढ़ गईं। इसके बाद सत्यम पांडे और इम्पैक्ट प्लेयर अजीत वर्मा ने पारी संभाली। दोनों ने टीम को 14.3 ओवर में छह विकेट पर 88 रन तक पहुंचाया, तभी तेज बारिश ने मैच रोक दिया।

#kanpur

बारिश के बाद मुकाबला 15-15 ओवर का कर दिया गया और डीएलएस नियम से गोरखपुर को 100 रन का लक्ष्य मिला। जवाब में लायंस की शुरुआत भी लड़खड़ा गई। तेज गेंदबाज अभिनंदन सिंह ने दूसरे ओवर में अभय प्रताप (10) और कप्तान आर्यन जुयाल को शून्य पर आउट कर दिया। इसके बाद सिद्धांत यादव ने मोर्चा संभाला। उन्होंने मुश्किल विकेट पर पहले समय लिया और फिर लखनऊ के गेंदबाजों पर प्रहार किया। पारस पालावत ने 25 रन बनाकर उनका साथ दिया।

#kanpur
विप्रज निगम ने दो विकेट लेकर लखनऊ को मुकाबले में बनाए रखा, लेकिन सिद्धांत की पारी ने गोरखपुर को लक्ष्य के करीब पहुंचा दिया। अंतिम ओवर में जीत के लिए तीन रन चाहिए थे। शिवम ने चौका जड़कर दो गेंद शेष रहते गोरखपुर की जीत तय कर दी।

भुवनेश्वर के तीन कैच भी नहीं बचा सके लखनऊ
लखनऊ के कप्तान भुवनेश्वर कुमार ने गेंद से कसी हुई शुरुआत कराने के साथ क्षेत्ररक्षण में भी शानदार प्रदर्शन किया। उन्होंने तीन कैच लपके और स्टाइलिश कैच ऑफ द मैच का पुरस्कार हासिल किया। हार के बाद उन्होंने कहा कि पावरप्ले में पांच विकेट गंवाने के बावजूद सत्यम और अजीत ने टीम को सम्मानजनक स्कोर तक पहुंचाया। कम स्कोर के बचाव में टीम ने मुकाबले को आखिरी ओवर तक खींचा, जो सकारात्मक पहलू रहा।

सिद्धांत पर बरसे पुरस्कार
सिद्धांत यादव को प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया। उन्हें सुपर स्ट्राइकर, फैंटेस्टिक 4s और मैक्सिमम 6s के पुरस्कार भी मिले। उन्होंने कहा कि विकेट कठिन था, इसलिए शुरुआत में संभलकर खेलना जरूरी था। सेट होने के बाद गेंदबाजों पर हमला किया। उनका लक्ष्य गोरखपुर लायंस को चैंपियन बनाना है। वहीं कप्तान आर्यन जुयाल ने जीत का श्रेय टीम की स्पष्ट रणनीति और गेंदबाजों की मेहनत को दिया।

MOST POPULAR

New Delhi : वैष्णो देवी यात्रा में हादसा: भूस्खलन से 5 श्रद्धालुओं की मौत, 14 घायल

डोडा में भी बादल फटने से तबाही देखे विडीयो New Delhi । जम्मू-कश्मीर के रियासी जिले में माता वैष्णो देवी मंदिर मार्ग पर भूस्खलन की भयावह घटना हुई है।अर्धकुंवारी क्षेत्र...