Kanpur। खलासी लाइन स्थित एलनहाउस पब्लिक स्कूल में शनिवार को केएसएस अंतर-विद्यालयीय (जोन-बी) सीनियर बालिका शतरंज प्रतियोगिता हुई। कक्षा 9 से 12 तक की इस प्रतियोगिता में सीबीएसई जोन-बी के 12 विद्यालयों की 60 छात्राओं ने हिस्सा लिया। इसमें श्री सनातन धर्म एजुकेशन सेंटर ओवरऑल चैंपियन बना।
प्रतियोगिता का शुभारंभ विद्यालय की प्रधानाचार्या डॉ. शबाना अरोड़ा, वरिष्ठ प्रधानाध्यापिका जेहरा फातिमा और कानपुर जिला शतरंज संघ के सचिव दिलीप श्रीवास्तव ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर किया। चार राउंड तक चली रोमांचक प्रतियोगिता में श्री सनातन धर्म एजुकेशन सेंटर ने 8 अंकों के साथ पहला स्थान हासिल कर चैंपियन बनने का गौरव प्राप्त किया।
गार्डेनिया पब्लिक स्कूल 6 अंकों के साथ उपविजेता रहा, जबकि प्रभात सीनियर सेकेंडरी पब्लिक स्कूल ने 5 अंक अर्जित कर तीसरा स्थान प्राप्त किया। प्रतियोगिता के दौरान उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली पांच खिलाड़ियों को विशेष ट्रॉफी देकर सम्मानित किया गया, इनमें रिद्धिमा शुक्ला (डीपीएस आजाद नगर), नाव्या राठौर (पंडित दीनदयाल स्कूल), स्वस्तिका कुमारी (मरियमपुर सीनियर सेकेंडरी), साक्षी यादव (डीपीएस कल्याणपुर) और गार्गी (एनएलके एकेडमी) शामिल रहीं। समापन समारोह में मुख्य अतिथियों ने विजेता, उपविजेता व अन्य प्रतिभागी छात्राओं को बधाई दी।


