Kanpur । केसीए की ओर से चतुर्थ डॉ. गौर हरि सिंहानिया स्मारक राज्य स्तरीय महिला क्रिकेट प्रतियोगिता स्पार्क कप में रविवार को खेले गए मुकाबले में लखनऊ मंडल की टीम ने सहारनपुर मंडल को 48 रन से पराजित किया। जीत में संध्या छेत्री ने शानदार गेंदबाजी का प्रदर्शन किया।

जेके लोको मैदान पर खेले गए मुकाबले में लखनऊ मंडल की टीम ने 30 ओवर में पांच विकेट के नुकसान पर 170 रन का लक्ष्य रखा। टीम से शशि बलान ने 75 रन, आयुषी श्रीवास्तव ने 50 रन की पारी खेली, तो गेंदबाजी में सहारनपुर मंडल की ओर से मनीषा चौधरी ने दो, अंशुल, वार्तिका व दिशा ने एक-एक विकेट चटकाया।
लक्ष्य का पीछा करने उतरी सहारनपुर मंडल की टीम 30 ओवर में आठ विकेट के नुकसान पर 122 रन ही बना सकी। टीम से वंशिका सैनी ने 41, दिशा ने 26 व निशु चौधरी ने 17 रन की पारी खेली, तो गेंदबाजी में संध्या छेत्री ने चार, तान्या सिंह ने दो विकेट अपने नाम किए।
चार विकेट लेने वाली संध्या छेत्री को प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया। सोमवार को इसी मैदान पर कानपुर ब्लू गर्ल्स बनाम लखनऊ गर्ल्स के बीच मुकाबला खेला जाएगा।


