बॉबी-कार्तिक ने 78 रन की नाबाद साझेदारी कर कानपुर सुपरस्टार्स से छीनी जीत
Kanpur। यूपी टी20 लीग के रोमांचक मुकाबले में नोएडा किंग्स ने कानपुर सुपरस्टार्स को तीन विकेट से हराकर टूर्नामेंट में पहली जीत दर्ज की। इकाना स्टेडियम में 135 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए नोएडा की टीम 57 रन पर सात विकेट गंवाकर संकट में थी। इसके बाद बॉबी यादव और कार्तिक सिद्धू ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए आठवें विकेट के लिए 78 रन की नाबाद साझेदारी की और दो गेंद शेष रहते टीम को जीत दिला दी।

बॉबी यादव ने 28 गेंदों पर नाबाद 44 रन बनाए, जबकि कार्तिक सिद्धू ने 21 गेंदों पर नाबाद 34 रन की पारी खेली। कार्तिक को प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया।
इससे पहले नोएडा ने टॉस जीतकर कानपुर को बल्लेबाजी के लिए बुलाया। शिवा सिंह और कुणाल त्यागी की धारदार गेंदबाजी के सामने कानपुर की टीम 13 ओवर में 74 रन पर सात विकेट गंवा चुकी थी। शिवा ने 18 रन देकर तीन और कुणाल ने 28 रन देकर तीन विकेट लिए। इसके बाद यशोवर्धन सिंह (28) और शुभम मिश्रा (29) ने 59 रन की साझेदारी कर टीम को 20 ओवर में 134/8 तक पहुंचाया।

जवाब में कानपुर के गेंदबाजों ने नोएडा को शुरुआती झटके दिए। शुभम मिश्रा ने चार ओवर में केवल 10 रन देकर दो विकेट लिए। करण शर्मा और अजय कुमार को भी दो-दो सफलता मिली। 57 रन पर सात विकेट गिरने के बाद मुकाबला कानपुर की पकड़ में नजर आ रहा था, लेकिन बॉबी और कार्तिक ने पासा पलट दिया।

अंतिम ओवर में नोएडा को 14 रन चाहिए थे। बॉबी ने पहली दो गेंदों पर लगातार चौके लगाए। इसके बाद जीत के लिए चार रन चाहिए थे और बॉबी ने एक्स्ट्रा कवर के ऊपर से चौका जड़कर कानपुर की उम्मीदें तोड़ दीं।
कानपुर के कप्तान समीर रिजवी ने कहा कि टीम ने अच्छी गेंदबाजी की, लेकिन अंतिम ओवर पक्ष में नहीं रहे। उन्होंने युवा गेंदबाज शक्ति वर्मा का बचाव करते हुए कहा कि यह उसका पहला मैच था।
कार्तिक सिद्धू ने अपनी मैच जिताऊ पारी का श्रेय टीम के भरोसे को दिया और प्लेयर ऑफ द मैच का पुरस्कार अपनी मां को समर्पित किया।पुरस्कार: प्लेयर ऑफ द मैच, सुपर स्ट्राइकर और सर्वाधिक छक्के-कार्तिक सिद्धू; सर्वाधिक चौके-बॉबी यादव; डिपेंडेबल बॉलर-शिवा सिंह; बेस्ट कैच-आदर्श सिंह।


