Kanpur। , 2 सितम्बर। कानपुर क्रिकेट एसोसिएशन (केसीए) के वरिष्ठ अम्पायर कौशल मिश्रा (67) का बुधवार को आकस्मिक निधन हो गया। वह पिछले करीब 40 वर्षों से केसीए के अम्पायरिंग पैनल का हिस्सा थे। उनके निधन से क्रिकेट जगत में शोक की लहर दौड़ गई।
कौशल मिश्रा करीब 20 वर्षों तक कामर्शियल क्लब से खिलाड़ी के रूप में भी जुड़े रहे। क्रिकेट के प्रति उनका समर्पण हमेशा बना रहा। पिछले एक वर्ष से वह मुंह के कैंसर से जूझ रहे थे।
उनका अंतिम संस्कार बर्रा स्थित स्वर्गाश्रम में किया गया, जहां उनके पुत्र आकाश मिश्रा ने मुखाग्नि दी।
उनके निधन पर केसीए चेयरमैन डॉ. संजय कपूर, अध्यक्ष एस.एन. सिंह, सचिव कौशल कुमार सिंह समेत अम्पायरों और स्कोररों ने गहरा शोक व्यक्त किया। सभी ने उनके निधन को क्रिकेट जगत के लिए अपूरणीय क्षति बताया और शोक संतप्त परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त की।


