Kanpur । 61वीं जूनियर उत्तर प्रदेश एथलेटिक्स प्रतियोगिता के लिए कानपुर जनपद की एथलेटिक्स टीम का चयन ट्रायल के माध्यम से होगा। जिला एथलेटिक्स एसोसिएशन कानपुर की ओर से चयन प्रक्रिया 20 अगस्त को होगी। चयन ट्रायल अरमापुर स्थित आरमारीना स्टेडियम में दोपहर तीन बजे से शुरू होगा। यह जानकारी एसोसिएशन के अवैतनिक सचिव डॉ. नरेश चौधरी ने दी। उन्होंने बताया कि इसमें अंडर-14, अंडर-16, अंडर-18 और अंडर-20 आयु वर्ग के बालक व बालिका खिलाड़ी प्रतिभाग कर सकेंगे।
चयनित खिलाड़ी 23 से 25 अगस्त तक प्रयागराज के मदन मोहन मालवीय स्टेडियम में आयोजित होने वाली राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में कानपुर का प्रतिनिधित्व करेंगे। चयन ट्रायल के दौरान जिला एथलेटिक्स एसोसिएशन के पदाधिकारी शिव यादव, सौम्या अवस्थी, रमेश चन्द्र मिश्र और अल्का पाठक सहित अन्य पदाधिकारी मौजूद रहेंगे।


