Kanpur । फूलबाग स्थित डीएवी मैदान पर खेले जा रहे स्व. नागेंद्र स्वरूप स्मारक अंडर-12 क्रिकेट टूर्नामेंट में शुक्रवार को पहले मैच में गावस्कर इलेवन ने कपिल इलेवन को 15 रन से हराया। जबकि दूसरे मुकाबले में पीएसी नर्सरी ने एमडी क्रिकेट अकादमी को 189 रन के विशाल अंतर से पराजित किया।
पहले मैच में गावस्कर इलेवन ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 19.4 ओवर में 112 रन बनाए। टीम की ओर से अरजीत ने 22 और मो. तमीर ने 21 रन का योगदान दिया। कपिल इलेवन के लिए शिवांश शर्मा ने शानदार गेंदबाजी करते हुए चार विकेट झटके, जबकि वरुण ने दो बल्लेबाजों को पवेलियन भेजा। लक्ष्य का पीछा करने उतरी कपिल इलेवन की टीम 16.3 ओवर में 97 रन पर सिमट गई। उत्कर्ष ने 24 और अखिल ने 15 रन बनाए। गावस्कर इलेवन की ओर से श्रेयाश और आर. दुबे ने दो-दो विकेट हासिल किए। शौर्य श्रीवास्तव को प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया।
दूसरे मुकाबले में पीएसी नर्सरी ने निर्धारित 20 ओवर में चार विकेट के नुकसान पर 241 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया। नमन सैनी ने 80 रन की बेहतरीन पारी खेली, जबकि सेजल चौहान ने नाबाद 55 रन बनाए। एमडी क्रिकेट अकादमी की ओर से अभि सिंह ने तीन विकेट लिए। 242 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी एमडी क्रिकेट अकादमी की पूरी टीम 17.2 ओवर में 52 रन पर ढेर हो गई।
रमाकांत ने सर्वाधिक 17 रन बनाए, जबकि अन्य कोई बल्लेबाज दहाई का आंकड़ा नहीं छू सका। पीएसी नर्सरी की ओर से सेजल चौहान ने घातक गेंदबाजी करते हुए पांच विकेट झटके, जबकि उत्कर्ष सिंह ने दो विकेट अपने नाम किए। अपने हरफनमौला प्रदर्शन के लिए सेजल चौहान को प्लेयर ऑफ द मैच घोषित किया गया।


