Kanpur । बीसीसीआई सीनियर महिला वनडे ट्रॉफी में शनिवार को उत्तर प्रदेश ने बडौदा को नौ विकेट से करारी शिकस्त दी। राजकोट स्थित निरंजन शाह क्रिकेट स्टेडियम में खेले गए मुकाबले में यूपी की घातक गेंदबाजी और मजबूत बल्लेबाजी के दम पर शानदार जीत दर्ज की गई।
टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी बडौदा की टीम यूपी की सटीक गेंदबाजी के सामने टिक नहीं सकी। बडौदा का पहला विकेट निशहत के रूप में 22 रन पर गिरा, जिन्हें सोनाली की गेंद पर मुस्कान मलिक ने कैच पकड़ा। इसके बाद 43 रन पर अतोषी बनर्जी (13) को खुशी त्यागी ने रन आउट किया।
अमृता (17) और पी.एन. खेमनर (26) ने टीम को संभालने का प्रयास किया, लेकिन 56 रन पर अमृता को शिल्पी यादव ने आउट कर दिया। इसके बाद जे. मोहिते (6) और खेमनर को संध्या छेत्री ने पवेलियन भेजा। 86 रन पर अर्चना देवी ने निधि को आउट कर बडौदा को छठा झटका दिया।
शिखा पांडे (24) और हनी पटेल (12) ने संघर्ष करते हुए स्कोर को 100 के पार पहुंचाया, लेकिन खुशी त्यागी और अर्चना देवी ने दोनों को आउट कर बडौदा की उम्मीदों को झटका दिया। अंत में खेशा (6) और प्रज्ञा (27) ने कुछ उपयोगी रन जोड़े, लेकिन पूरी टीम 42.5 ओवर में 158 रन पर सिमट गई।
गेंदबाजी में संध्या छेत्री ने चार विकेट झटके, जबकि अर्चना देवी ने दो तथा सोनाली, शिल्पी यादव और खुशी त्यागी ने एक-एक विकेट लिया।159 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी उत्तर प्रदेश की टीम ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए 29.5 ओवर में एक विकेट के नुकसान पर जीत हासिल कर ली। वर्निका ने 58, संपदा दीक्षित ने नाबाद 60 और मुस्कान मलिक ने नाबाद 39 रन की पारी खेली। बडौदा की ओर से खेशा को एकमात्र विकेट मिला।
संध्या छेत्री को उत्कृष्ट गेंदबाजी के लिए प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया। इस जीत के साथ ही एलीट ग्रुप-ए में यूपी टीम ने तीन मैचों में लगातार जीत दर्ज करते हुए कुल पांच मुकाबलों में तीन जीत और दो हार के साथ 12 अंक अर्जित कर तीसरे स्थान पर जगह बना ली।


